
सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) ने 11 मार्च 2026 को यंग प्रोफेशनल (YP) भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट, तकनीकी, मानव संसाधन, फाइनेंस, लीगल और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे अहम क्षेत्रों में कुल 37 पद भरे जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 14 अप्रैल 2026 तक एनएचआईडीसीएल के रिसोर्स पूल पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए खास है जो प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई कर चुके हैं और इंफ्रास्ट्रक्चर व हाईवे सेक्टर में पेशेवर अनुभव बनाना चाहते हैं।
किन-किन क्षेत्रों में कितनी भर्तियां
भर्ती अलग-अलग स्तरों—एसोसिएट, सीनियर एसोसिएट और कंसल्टेंट—पर की जा रही है। कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट और तकनीकी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा पद निकाले गए हैं। इसके अलावा फाइनेंस, लीगल, एचआर और आईटी सेक्टर में भी अवसर उपलब्ध हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
अलग-अलग पदों के लिए योग्यता और अनुभव की शर्तें तय की गई हैं।
कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट में एसोसिएट पद के लिए उम्मीदवार के पास टॉप रैंक वाले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) या राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) से कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री होनी चाहिए। अधिकतम आयु 30 वर्ष रखी गई है और 0 से 2 वर्ष का अनुभव जरूरी है।
तकनीकी क्षेत्र में सीनियर एसोसिएट पद के लिए सिविल इंजीनियरिंग (स्ट्रक्चरल, ट्रांसपोर्टेशन या टनल विशेषज्ञता) में मास्टर डिग्री आवश्यक है। आयु सीमा 40 वर्ष तक है और 2 से 9 वर्ष का अनुभव मांगा गया है।
फाइनेंस कंसल्टेंट पद के लिए उम्मीदवार के पास टॉप संस्थान जैसे भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) से MBA (फाइनेंस) या M.Com, CA, CMA जैसी प्रोफेशनल डिग्री होनी चाहिए। अधिकतम आयु 45 वर्ष और 9 से 15 वर्ष का अनुभव अनिवार्य है।
लीगल एसोसिएट पद के लिए मान्यता प्राप्त प्रमुख लॉ यूनिवर्सिटी से LLB या LLM की डिग्री जरूरी है। अधिकतम आयु 30 वर्ष और 0 से 2 वर्ष का अनुभव निर्धारित है।
आईटी सीनियर एसोसिएट पद के लिए IIT/NIT से BE/B.Tech या M.Tech (कंप्यूटर साइंस, आईटी या इलेक्ट्रॉनिक्स) डिग्री आवश्यक है। आयु सीमा 40 वर्ष और अनुभव 2 से 9 वर्ष होना चाहिए।
कितना मिलेगा वेतन
वेतन पद और जिम्मेदारी के अनुसार तय किया गया है।
एसोसिएट पद के लिए लगभग 70 हजार से 80 हजार रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा।
सीनियर एसोसिएट पद पर 80 हजार से 1.5 लाख रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
कंसल्टेंट पद के लिए 1.5 लाख से 2.75 लाख रुपये प्रति माह तक सैलरी निर्धारित है।
कैसे होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन योग्यता और अनुभव के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले स्क्रीनिंग कमेटी आवेदन की जांच कर योग्य अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट करेगी। इसके बाद चयन समिति लिखित परीक्षा, समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार के जरिए अंतिम चयन करेगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में तेजी से बढ़ते प्रोजेक्ट्स को देखते हुए यह भर्ती युवाओं के लिए मजबूत करियर अवसर साबित हो सकती है। सरकारी क्षेत्र में बेहतर वेतन, प्रतिष्ठित कार्य अनुभव और बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका इस भर्ती को खास बनाता है। इच्छुक उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर आवेदन करना न भूलें।




Add comment