Edinbox Hindi
SBI Youth for India Fellowship 2026: An Opportunity to Work in Rural India

SBI Youth for India Fellowship 2026: ग्रामीण भारत में काम करने का मौका, स्टाइपेंड और करियर ग्रोथ दोनों

SBI Youth for India Fellowship 2026: An Opportunity to Work in Rural India

अगर आप पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ अलग और सार्थक करना चाहते हैं, तो SBI Foundation की ओर से चलाया जा रहा SBI Youth for India Fellowship 2026 एक बेहतरीन अवसर हो सकता है। यह 13 महीने का रेजिडेंशियल प्रोग्राम है, जिसके तहत देश के युवा गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास से जुड़ी परियोजनाओं पर काम करते हैं।

इस फेलोशिप का मकसद सिर्फ काम का अनुभव देना नहीं, बल्कि युवाओं को जमीनी स्तर पर बदलाव लाने के लिए तैयार करना है। फेलोशिप के दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तिकरण समेत करीब 12 अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का मौका मिलता है।

फेलोशिप के दौरान चयनित युवाओं को हर महीने 16,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाता है। इसके अलावा फील्ड वर्क के लिए 2,000 रुपये प्रतिमाह अलग से मिलते हैं। प्रोजेक्ट से जुड़े खर्चों के लिए 1,000 रुपये मासिक भत्ता भी दिया जाता है। कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर 70,000 रुपये का री-एडजस्टमेंट अलाउंस मिलता है, जो आगे की पढ़ाई या करियर की तैयारी में मददगार होता है। साथ ही फेलोशिप पूरी करने पर प्रमाणपत्र भी दिया जाता है, जो प्रोफेशनल प्रोफाइल को मजबूत बनाता है।

इस फेलोशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना जरूरी है। इसके अलावा ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) और नेपाल या भूटान के नागरिक भी आवेदन कर सकते हैं। किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। उम्र सीमा 1 अगस्त 2026 तक 21 से 32 वर्ष के बीच तय की गई है। सबसे अहम बात यह है कि उम्मीदवार में ग्रामीण भारत की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए काम करने का जज्बा होना चाहिए।

चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होती है। पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन की स्क्रीनिंग की जाती है। इसके बाद चुने गए उम्मीदवारों का ऑनलाइन असेसमेंट होता है, जिसमें उनकी सोच, दृष्टिकोण और सामाजिक समझ को परखा जाता है। अंतिम चरण में पर्सनल इंटरव्यू होता है, जहां विशेषज्ञों के साथ बातचीत के आधार पर अंतिम चयन किया जाता है।

इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट youthforindia.org या Buddy4Study के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

यह फेलोशिप उन युवाओं के लिए खास है जो सिर्फ नौकरी की तैयारी ही नहीं, बल्कि समाज में बदलाव लाने की दिशा में काम करना चाहते हैं। ग्रामीण भारत के साथ काम करने का यह अनुभव न केवल व्यक्तिगत विकास में मदद करता है, बल्कि करियर के नए रास्ते भी खोलता है।

 

 

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed