
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी Uttar Pradesh Subordinate Services Selection Commission (UPSSSC) ने सहायक सांख्यिकी अधिकारी (ASO) और सहायक रिसर्च अधिकारी (ARO) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत कुल 929 पद भरे जाएंगे, जिनमें 916 पद ASO और 13 पद ARO (सांख्यिकी) के लिए निर्धारित हैं।
आवेदन प्रक्रिया शुरू, 11 मई आखिरी तारीख
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 11 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के साथ ही शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी यही है। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 18 मई 2026 तक सुधार का मौका दिया गया है। इस दौरान उम्मीदवार अपने फॉर्म में जरूरी बदलाव और शुल्क में समायोजन भी कर सकते हैं।
आयु सीमा और पात्रता
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “लाइव विज्ञापन” सेक्शन में ASO/ARO भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करना होगा और आवेदन फॉर्म भरना होगा। सभी जरूरी जानकारी भरने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा।
परीक्षा पैटर्न क्या होगा?
इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा ऑब्जेक्टिव टाइप होगी, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसमें 100 प्रश्न होंगे। पेपर हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा।
हर सही उत्तर के लिए 1 अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग लागू होगी। प्रश्नपत्र तीन हिस्सों में बंटा होगा—सांख्यिकी और गणित (65 अंक), कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी (15 अंक) और उत्तर प्रदेश से जुड़ा सामान्य ज्ञान (20 अंक)।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक योग्यता परीक्षा-2025 में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। कैटेगरी के अनुसार तय कटऑफ तक अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों को मुख्य लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। आमतौर पर रिक्तियों की संख्या के करीब 15 गुना उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जा सकता है।
UPSSSC की यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए एक अच्छा अवसर है जो सांख्यिकी और रिसर्च के क्षेत्र में सरकारी नौकरी करना चाहते हैं। सीमित समय को देखते हुए अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं।




Add comment