
राजस्थान में शिक्षण क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। Rajasthan Staff Selection Board ने संविदागत शिक्षण सहयोगी (Raj-CES) 2026 भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत 32 विभिन्न विषयों में कुल 3,540 पद भरे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए पूरी जानकारी देख सकते हैं।
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 मई 2026 से शुरू होगी और 3 जून 2026 तक चलेगी। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना अनिवार्य होगा। केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री के साथ NET, SLET या PhD की योग्यता हो।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 1 जनवरी 2027 तक कम से कम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष से कम होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
भर्ती में सबसे अधिक पद हिंदी, गणित, इतिहास और राजनीति विज्ञान जैसे विषयों में हैं। इसके अलावा कंप्यूटर विज्ञान, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, संस्कृत, उर्दू, रसायन शास्त्र, भौतिक शास्त्र, प्राणी शास्त्र और कानून जैसे विषयों में भी अच्छी संख्या में वैकेंसी निकाली गई है। कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों जैसे कृषि अभियांत्रिकी, मृदा विज्ञान, कीट विज्ञान, पादप रोगविज्ञान और डेयरी विज्ञान में भी पद शामिल किए गए हैं, जिससे यह भर्ती विविध विषयों को कवर करती है।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ें और सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें। किसी भी तकनीकी या आवेदन से जुड़ी समस्या के लिए उम्मीदवार हेल्पडेस्क नंबर या ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ई-मित्र हेल्पलाइन और ऑनलाइन आवेदन सहायता नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार अपनी परीक्षा से जुड़ी शिकायतें या सवाल ईमेल के जरिए ऑनलाइन भेज सकते हैं, इसके लिए कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है।
राजस्थान में निकली यह भर्ती उन युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है, जो शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। बड़ी संख्या में पदों के कारण प्रतिस्पर्धा भी कड़ी रहने की संभावना है, ऐसे में समय पर आवेदन और सही तैयारी बेहद जरूरी होगी।




Add comment