
बीते कुछ वर्षों में वर्क फ्रॉम होम यानी घर से काम करने का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। खासकर महामारी के बाद बड़ी संख्या में छात्र, महिलाएं, युवा और प्रोफेशनल्स ऐसे रोजगार विकल्प तलाश रहे हैं, जिनमें घर बैठे काम किया जा सके। बदलती कार्य संस्कृति के बीच अब भारत सरकार भी युवाओं को ऑनलाइन रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है।
National Career Service यानी NCS पोर्टल के जरिए देशभर के उम्मीदवारों को वर्क फ्रॉम होम और अन्य रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह केंद्र सरकार का डिजिटल करियर प्लेटफॉर्म है, जहां उम्मीदवार अपनी योग्यता और स्किल के अनुसार नौकरी खोज सकते हैं।
सरकार के अनुसार, NCS पोर्टल पर हजारों वर्क फ्रॉम होम जॉब्स उपलब्ध हैं। इसके अलावा फुल टाइम ऑफिस जॉब, पार्ट टाइम अवसर और विभिन्न सेक्टर की नौकरियां भी यहां दी जा रही हैं। उम्मीदवार देश के किसी भी हिस्से से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पोर्टल की खास बात यह है कि यह एक भरोसेमंद सरकारी प्लेटफॉर्म है, जहां नौकरी से जुड़ी जानकारी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ उपलब्ध कराई जाती है। नौकरी खोजने के लिए उम्मीदवारों को पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होता है। इसके बाद वे अपनी प्रोफाइल, योग्यता और अनुभव के अनुसार जॉब सर्च कर सकते हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, NCS पोर्टल पर फिलहाल 7 लाख से ज्यादा एक्टिव वैकेंसी मौजूद हैं। वहीं करीब 59 लाख संस्थान इस प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर्ड हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़े हैं।
हाल ही में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री Mansukh Mandaviya ने NCS प्लेटफॉर्म को e-Migrate, SIDH और My Bharat जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के साथ जोड़ने पर जोर दिया था। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों के रोजगार पोर्टल्स के साथ इंटीग्रेशन की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि नौकरी तलाशने वालों तक ज्यादा अवसर पहुंच सकें।
NCS यानी National Career Service एक सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे युवाओं को रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और करियर से जुड़ी सेवाएं एक जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। यहां सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की नौकरियों की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही उम्मीदवार ऑनलाइन और ऑफलाइन जॉब फेयर, करियर काउंसलिंग और ट्रेनिंग प्रोग्राम से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
रोजगार सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने देशभर में मॉडल करियर सेंटर (MCC) भी स्थापित किए हैं। अब तक 407 मॉडल करियर सेंटरों को मंजूरी दी जा चुकी है। इन केंद्रों के जरिए युवाओं को करियर गाइडेंस, स्किल ट्रेनिंग और रोजगार सहायता दी जाती है।
इसके अलावा पिछले एक साल में श्रम मंत्रालय ने कई निजी कंपनियों के साथ भी साझेदारी की है। Amazon India और Swiggy जैसी कंपनियों के साथ हुए समझौतों से करीब 5 लाख नई नौकरियों के अवसर पैदा होने की बात कही गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आधारित रोजगार व्यवस्था आने वाले समय में और मजबूत होगी। ऐसे में NCS जैसे सरकारी पोर्टल युवाओं, महिलाओं और घर से काम करने की इच्छा रखने वाले प्रोफेशनल्स के लिए बड़ा अवसर बन सकते हैं।




Add comment