
दिल्ली सरकार के दिल्ली राज्य आयुष सोसायटी यानी Delhi State AYUSH Society (DSAS) ने स्वास्थ्य क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी भर्ती निकाली है। आयुष निदेशालय के तहत दिल्ली स्टेट आयुष सोसायटी (DSAS) ने मेडिकल ऑफिसर, योग प्रशिक्षक, फार्मासिस्ट, प्रोग्राम मैनेजर और कंसल्टेंट एनएएम समेत कुल 167 पदों पर आवेदन मांगे हैं। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के जरिए 25 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी और योग से जुड़े पेशेवरों के लिए अच्छा अवसर मानी जा रही है। खास बात यह है कि कई पदों पर आकर्षक मासिक वेतन भी दिया जाएगा।
किन पदों पर निकली भर्ती?
भर्ती अभियान के तहत मेडिकल ऑफिसर (आयुर्वेद), मेडिकल ऑफिसर (होम्योपैथी), मेडिकल ऑफिसर (यूनानी), योग प्रशिक्षक, फार्मासिस्ट और प्रोग्राम मैनेजर जैसे पद शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा पद फार्मासिस्ट (होम्योपैथी) के लिए निकाले गए हैं।
आरक्षण के तहत यूआर, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्गों के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित की गई हैं।
योग्यता और वेतन की जानकारी
प्रोग्राम मैनेजर पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन के साथ हेल्थकेयर, ह्यूमन रिसोर्स या हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन में MBA या दो वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा पब्लिक हेल्थ सेक्टर में कम से कम पांच साल का अनुभव जरूरी है। चयनित उम्मीदवार को 65 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
कंसल्टेंट एनएएम पद के लिए स्वास्थ्य और आयुष क्षेत्र में संबंधित योग्यता और अनुभव आवश्यक है। इस पद के लिए 55 हजार रुपये मासिक पारिश्रमिक तय किया गया है।
मेडिकल ऑफिसर पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित स्ट्रीम में BAMS, BUMS या BHMS डिग्री होनी चाहिए। साथ ही दिल्ली राज्य रजिस्टर में पंजीकरण और पब्लिक हेल्थ में कम से कम तीन साल का अनुभव जरूरी है। चयनित उम्मीदवारों को 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
योग प्रशिक्षक पद के लिए योग में डिग्री या कम से कम एक वर्ष का डिप्लोमा जरूरी है। साथ ही योग सर्टिफिकेशन बोर्ड की परीक्षा पास होना और किसी प्रतिष्ठित संस्थान में कम से कम एक साल का अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए 28 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया गया है।
फार्मासिस्ट पदों के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ आयुर्वेद, यूनानी या होम्योपैथी में दो वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
कैसे होगा चयन?
भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद इंटरव्यू या पर्सनैलिटी टेस्ट लिया जाएगा, जिसमें उम्मीदवार की योग्यता और व्यवहार का मूल्यांकन होगा।
दोनों चरणों में सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाएगी। चयन के बाद तीन महीने की प्रोबेशन अवधि भी रखी गई है, जिसमें उम्मीदवार के कार्य प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।
दिल्ली सरकार की यह भर्ती स्वास्थ्य और आयुष क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। खासकर उन उम्मीदवारों के लिए, जो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में काम करना चाहते हैं, यह भर्ती बेहतर करियर विकल्प साबित हो सकती है।




Add comment