
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में प्रशिक्षण और करियर शुरू करने का शानदार अवसर सामने आया है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए Graduate Apprentice Trainee (Engineering) के 358 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है।
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू से नहीं गुजरना होगा। चयन पूरी तरह शैक्षणिक योग्यता के आधार पर तैयार की गई मेरिट से किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष का अप्रेंटिस प्रशिक्षण दिया जाएगा और हर महीने 25,000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा।
15 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन
एचपीसीएल ने मार्केटिंग डिवीजन में इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए यह भर्ती निकाली है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आयु सीमा की गणना भी 31 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी।
किन राज्यों में सबसे ज्यादा भर्ती?
भर्ती देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में की जाएगी। राज्यवार रिक्तियों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में सबसे अधिक 64 पद हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 37, गुजरात में 32, तमिलनाडु में 20, तेलंगाना में 19, दिल्ली में 18, राजस्थान में 17 और पंजाब में 16 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, हरियाणा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, केरल, असम, गोवा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, ओडिशा, चंडीगढ़, नागालैंड, छत्तीसगढ़ तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी नियुक्तियां की जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में केवल चार इंजीनियरिंग शाखाओं के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इनमें सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजियरिंग शामिल हैं।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित शाखा में इंजीनियरिंग की स्नातक डिग्री होना जरूरी है।
शैक्षणिक अंकों की बात करें तो सामान्य और ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
उम्मीदवार की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
बिना परीक्षा कैसे होगा चयन?
एचपीसीएल की इस भर्ती में किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा।
सबसे पहले उम्मीदवारों की इंजीनियरिंग डिग्री में प्राप्त अंकों के आधार पर प्रारंभिक मेरिट तैयार की जाएगी। इसके बाद उपलब्ध रिक्तियों के मुकाबले 1:5 के अनुपात में अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए बुलाया जाएगा।
दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी। अंतिम रूप से चयनित उम्मीदवारों को राष्ट्रीय अप्रेंटिस प्रशिक्षण योजना (NATS) पोर्टल पर त्रिपक्षीय अप्रेंटिस अनुबंध स्वीकार करना होगा। इसके बाद मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पुलिस सत्यापन पूरा होने पर प्रशिक्षण शुरू होगा।
हर महीने मिलेगा ₹25,000 स्टाइपेंड
प्रशिक्षण अवधि के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को कुल 25,000 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड मिलेगा।
इसमें 20,500 रुपये एचपीसीएल की ओर से दिए जाएंगे, जबकि 4,500 रुपये भारत सरकार की ओर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उम्मीदवार के बैंक खाते में भेजे जाएंगे।
आवेदन से पहले रखें इन बातों का ध्यान
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे NATS पोर्टल पर पंजीकृत हों और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें। आवेदन भरते समय दी गई जानकारी सही होनी चाहिए, क्योंकि दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए यह भर्ती बिना परीक्षा सरकारी क्षेत्र में अनुभव हासिल करने का अच्छा अवसर मानी जा रही है। एचपीसीएल जैसी महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी में अप्रेंटिसशिप भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर भी प्रदान कर सकती है।




Add comment