Edinbox Hindi

जामिया का जलवा, JMI RCA बना IAS की ‘फैक्ट्री’ 

दिल्ली का जामिया मिल्लिया इस्लामिया एक बार फिर चर्चा में है। इस केंद्रीय विश्वविद्यालय के रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी (JMI RCA) से इस बार कुल 31 छात्रों ने यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में कामयाबी हासिल की है। आरसीए का यह प्रदर्शन पिछली बार की तुलना में और बेहतर है। 8% की बढ़ोतरी दर्ज होने के साथ। कहें तो रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी का प्रदर्शन साल दर साल और बेहतर ही होता जा रहा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है महज कुछ वर्षों में ही यहाँ से 300 से ज्यादा छात्र यूपीएससी की परीक्षा पास कर सिविल सर्विस जॉइन कर चुके हैं। यही वजह है कि जामिया की इस कोचिंग एकेडमी को अब IAS की ‘फैक्ट्री’ तक कहा जाने लगा है।

जामिया के इस कोचिंग सेंटर को यूँ ही नहीं ऐसे तमगों से नवाज़ा जा रहा है। इसकी माकूल वजह भी है। जहाँ सिविल सर्विसेज के बड़े बड़े कोचिंग संस्थान हज़ारों में छात्रों को प्रवेश देते हैं और इसके एवज में उनसे मोटी रकम वसूलते हैं, वहीँ जामिया का यह सेंटर महज 100 छात्रों को ही हर साल अपने यहाँ प्रवेश देता है और उनसे कोई शुल्क भी नहीं वसूलता। यानी निःशुल्क कोचिंग दी जाती है यहाँ और साथ में फूडिंग और लॉजिंग की व्यस्था भी। अच्छे मार्गदर्शकों की निगरानी में छात्रों को यहाँ एक ऐसा माहौल उपलब्ध कराया जाता है कि उनकी सफलता की संभावनाएं स्वतः ही बढ़ जाती हैं। 

इस फ्री कोचिंग सेंटर के बेहतरीन प्रदर्शन का अंदाजा इससे  लगाया जा सकता है कि 2023 की सिविल सेवा परीक्षा में न सिर्फ इसके 100 छात्रों में से 31 ने फाइनल रिजल्ट में अपनी जगह पक्की की, बल्कि कुल 71 स्टूडेंट्स ने इंटरव्यू के लिए क्वालिफाई किया। आखिरी तौर पर ज़रूर 31 का सिलेक्शन हो पाया। और वह भी बिना किसी तामझाम के, बिना किसी शोर शराबे के।  बगैर कोई फीस लिए। तभी कहा जाता है कि सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी में जुटे ऐसे उम्मीदवार जो आर्थिक समस्याओं के चलते महंगे कोचिंगों में दाखिला नहीं ले पाते, उन हाशिए पर रहने वाले  युवाओं के सिविल सेवा में जाने का सपना साकार कर रहा है जामिया का आरसीए। यह उन समुदायों के लिए भी सबकुछ है जो समाज में पिछड़े और उपेक्षित हैं। जिनके लिए सिविल सर्विसेज एक दिवास्वप्न होता है। 

बता दें कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया के रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडेमी (RCA) में अल्पसंख्य समुदायों के साथ-साथ अनुसूचित जातियां (SC), अनुसूचित जनजातियों (ST) और सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों को UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग दी जाती है। तभी उनके लिए यह सिर्फ कोचिंग सेंटर भर नहीं है बल्कि उन तबकों के लोगों की उम्मीद है जिनका नौकरशाही में प्रतिनिधित्व बिल्कुल कम है। यहाँ सारी व्यवस्था जामिया के सेंटर फॉर कोचिंग एण्ड करियर प्लानिंग द्वारा की जाती है।

जामिया रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडेमी 2012 में स्थापित हुआ था।  तब से अब तक 300 से ज़्यादा छात्र यहाँ से कोचिंग लेकर यूपीएससी की परीक्षा पास कर सिविल सर्विस जॉइन कर चुके हैं। अन्य केंद्र और राज्य सेवाओं को जोड़ दें तो यह संख्या 600 से अधिक हो जाती है। एकमात्र अकादमी है जो मुफ्त में सिविल सर्विस की तैयारी के लिए कोचिंग प्रदान कर रही है। दिल्ली, श्रीनगर, जम्मू, हैदराबाद, गुवाहाटी, मुंबई, पटना, लखनऊ, बेंगलुरु और मलप्पुरम में आरसीए के 10 सेंटर हैं। कोचिंग प्रोग्राम की जरूरतों को पूरा करने के लिए सेंटर में बेहतरीन प्रोफेशनल्स फैकल्टी की टीम है। केंद्र में पूर्व सरकारी सलाहकारों और नौकरशाहों सहित लगभग 40 गेस्ट फैकल्टी मेंबर हैं। यहां लगभग 20% छात्र आमतौर पर कमजोर वर्गों से होते हैं। इन्हें 5 लाख रुपये और 10 लाख रुपये की स्कॉलरशिप की पेशकश भी की जाती है।

आरसीए के इंचार्ज जामिया प्रोफेसर आबिद हलीम कहते हैं आरसीए में क्लासेज और रेगुलर टेस्ट सीरीज की एक कठोर प्रक्रिया है। सीनियर छात्र नए लोगों को सलाह देते हैं। साइकोलॉजिस्ट और काउंसलर भी उपलब्ध होते हैं। लाइब्रेरी 24/7 खुली रहती है। यहां सेमिनार रूम हैं जहां छात्र जब चाहें तब पढ़ सकते हैं। अन्य कोचिंग केंद्रों के विपरीत, हम एक व्यापक लर्निंग इकोसिस्टम प्रदान करते हैं।

कैसे मिलता है प्रवेश
केंद्रीय विश्वविद्यालय जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) द्वारा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए संचालित किए जा रहे रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडेमी (RCA) में प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला दिया जाता है। निर्धारित योग्यता रखने वाले उम्मीदवार इसकी आधिकारिक वेबसाइट jmicoe.in पर उपलब्ध कराए जाने ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से अपना अप्लीकेशन सबमिट करते हैं।  कैंडिडेट्स को सबमिट किए गए अप्लीकेशन में सुधार का मौका भी दिया जाता है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जामिया के सेंटर फॉर कोचिंग एण्ड करियर प्लानिंग द्वारा प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाती है जिसमें पहले सामान्य अध्ययन से बहुविक्लपीय प्रश्न और फिर दूसरी पाली में निबंध का पेपर होता है। लिखित परीक्षा के आयोजन के बाद नतीजों की घोषणा होती है। जो छात्र पास होते हैं वे  इंटरव्यू राउंड के लिए बुलाये जाते हैं और फिर अंतिम परिणामों की घोषणा होती है। इसमें जगह बनाने वाले ही जामिया की मुफ्त कोचिंग में दाखिला पाते हैं।

इस साल भी दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 18 मार्च से शुरू है। आवेदन की आखिरी तारीख 19 जून 2024 निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 29 जून को किया जाएगा। लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू राउंड का आयोजन 29 जुलाई से 12 अगस्त तक किया जाएगा। फिर अंतिम परिणामों की घोषणा 14 अगस्त को की जाएगी।

 

रईस अहमद 'लाली'

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed