Edinbox Hindi

JEE Main 2027: कौन कर सकता है आवेदन? उम्र की सीमा, 12वीं में जरूरी अंक और पहले सत्र का पूरा शेड्यूल

JEE Main 2027 Eligibility Criteria: इंजीनियरिंग में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए जेईई मेन 2027 महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसके जरिए देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश का अवसर मिलता है। परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवार एनआईटी (NIT), आईआईआईटी (IIIT) और अन्य भाग लेने वाले संस्थानों में बीई (BE) और बीटेक (BTech) जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जेईई मेन के शीर्ष 2.5 लाख सफल उम्मीदवार जेईई एडवांस्ड के लिए पात्रता हासिल कर सकते हैं।

जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, 12वीं पास करने का वर्ष, जरूरी विषयों और दाखिले से जुड़ी शर्तों की जानकारी होनी चाहिए। साथ ही, ऑनलाइन आवेदन के दौरान मेरिपहचान, डिजिलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC) आईडी जैसी डिजिटल सुविधाओं की भूमिका समझना भी जरूरी है।

जेईई मेन 2027 के लिए कौन कर सकता है आवेदन?

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के जेईई मेन 2027 सूचना बुलेटिन के अनुसार, वे उम्मीदवार इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने 2025 या 2026 में 12वीं या इसके समकक्ष परीक्षा पास की है। इसके अलावा 2027 में 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।

इसका मतलब है कि 2024 या उससे पहले 12वीं पास कर चुके उम्मीदवार जेईई मेन 2027 में शामिल नहीं हो सकेंगे। यहां एक बात ध्यान देने योग्य है कि 12वीं पास करने का वर्ष वही माना जाएगा, जिस वर्ष उम्मीदवार पहली बार परीक्षा में पास हुआ हो। बाद में अंकों में सुधार के लिए दी गई परीक्षा को नया पास वर्ष नहीं माना जाएगा।

जेईई मेन में बीई और बीटेक के लिए पेपर-1 आयोजित किया जाता है। इसमें गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान से प्रश्न पूछे जाते हैं। तीनों विषयों को समान महत्व दिया जाता है। इसलिए आवेदन करने वाले छात्रों के लिए इन विषयों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और संबंधित संस्थानों की प्रवेश शर्तों को समझना जरूरी है।

क्या जेईई मेन 2027 के लिए उम्र की कोई सीमा है?

जेईई मेन 2027 में शामिल होने के लिए NTA ने अधिकतम उम्र की कोई सीमा निर्धारित नहीं की है। उम्मीदवार किसी भी उम्र में परीक्षा दे सकते हैं, बशर्ते वे 12वीं पास करने के वर्ष से जुड़ी निर्धारित पात्रता पूरी करते हों।

हालांकि, एक महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस संस्थान में उम्मीदवार दाखिला लेना चाहते हैं, वहां उम्र से संबंधित अलग शर्तें हो सकती हैं। इसलिए परीक्षा में बैठने की पात्रता और कॉलेज में दाखिले की पात्रता को अलग-अलग समझना चाहिए।

जेईई मेन 2027 दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र जनवरी और दूसरा अप्रैल 2027 में होगा। दोनों सत्रों में शामिल होने का विकल्प भी मिलेगा। यदि कोई उम्मीदवार दोनों परीक्षाएं देता है, तो उसकी बेहतर कुल एनटीए स्कोर को अंतिम मेरिट सूची तैयार करने के लिए माना जाएगा।

12वीं में कितने प्रतिशत अंक जरूरी हैं?

जेईई मेन 2027 की परीक्षा में शामिल होने के लिए 12वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य नहीं है। यानी कम अंक होने के बावजूद उम्मीदवार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करने पर परीक्षा दे सकते हैं।

हालांकि, एनआईटी, आईआईआईटी और अन्य सरकारी तकनीकी संस्थानों में दाखिले के समय 12वीं के अंकों की शर्त लागू होती है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 12वीं में कम से कम 75 प्रतिशत अंक या संबंधित बोर्ड के शीर्ष 20 पर्सेंटाइल में स्थान हासिल करना होता है। एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अंकों की सीमा 65 प्रतिशत है।

इसलिए छात्रों को यह समझना चाहिए कि जेईई मेन परीक्षा में शामिल होना और एनआईटी या आईआईआईटी में सीट हासिल करना दो अलग-अलग बातें हैं। परीक्षा में अच्छा स्कोर करने के साथ-साथ संबंधित संस्थान की प्रवेश पात्रता पूरी करना भी जरूरी है।

JEE Main 2027: पहले सत्र का पूरा शेड्यूल

NTA ने जेईई मेन 2027 के पहले सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जनवरी 2027 में होने वाली इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को निर्धारित समय के भीतर आवेदन और शुल्क जमा करना होगा।

कार्यक्रमतारीख
ऑनलाइन आवेदन शुरू24 अक्टूबर 2026
बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तारीख22 नवंबर 2026
विलंब शुल्क के साथ आवेदन23 से 26 नवंबर 2026
आवेदन में सुधार का मौका27 से 29 नवंबर 2026
परीक्षा शहर की जानकारी30 दिसंबर 2026
एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख13 जनवरी 2027
जेईई मेन परीक्षा20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027

उम्मीदवार 22 नवंबर तक सामान्य शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 23 से 26 नवंबर तक 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देकर फॉर्म जमा करने का अवसर मिलेगा। आवेदन में सुधार के लिए 27 से 29 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।

परीक्षा का दूसरा सत्र: एनटीए के सूचना बुलेटिन के अनुसार, अप्रैल 2027 सत्र के लिए आवेदन 5 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक किए जा सकेंगे। इस सत्र की परीक्षा 2 से 7 अप्रैल 2027 के बीच आयोजित होगी।

मेरिपहचान और डिजिलॉकर क्यों जरूरी हैं?

जेईई मेन 2027 के आवेदन में इस बार डिजिटल पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया गया है। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन करते समय अपने ही डिजिलॉकर, जनपरिचय या ई-प्रमाण (मेरिपहचान) खाते का इस्तेमाल करें। इससे पहचान और बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान गड़बड़ी की आशंका कम हो सकती है।

मेरिपहचान (MeriPehchaan) केंद्र सरकार की एक डिजिटल लॉगिन सुविधा है। इसके जरिए एक ही लॉगिन पहचान से कई सरकारी सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें डिजिलॉकर, जनपरिचय और ई-प्रमाण जैसी सेवाएं जुड़ी हुई हैं। जेईई मेन 2027 के आवेदन के लिए भी इस सुविधा के माध्यम से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

डिजिलॉकर (DigiLocker) एक सरकारी डिजिटल दस्तावेज सेवा है। इसमें छात्र अपने जरूरी प्रमाणपत्र और शैक्षणिक दस्तावेज सुरक्षित रख सकते हैं। एनटीए ने उम्मीदवारों को जेईई मेन का फॉर्म भरने से पहले डिजिलॉकर के जरिए आधार से जुड़ी जानकारी का री-केवाईसी (Re-KYC) करने की सलाह दी है, ताकि आवेदन में नवीनतम जानकारी उपलब्ध हो सके।

एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC ID) की भूमिका इन दोनों से अलग है। यह छात्रों के शैक्षणिक क्रेडिट का डिजिटल रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था है। इससे अलग-अलग उच्च शिक्षण संस्थानों में अर्जित अकादमिक क्रेडिट को दर्ज और ट्रैक करने में मदद मिलती है। हालांकि, जेईई मेन 2027 के आधिकारिक सूचना बुलेटिन में ABC ID को अनिवार्य आवेदन दस्तावेज के रूप में सूचीबद्ध नहीं किया गया है। इसलिए उम्मीदवार इसे अनिवार्य समझकर भ्रमित न हों।

एनटीए की 28 अक्टूबर 2026 की एडवाइजरी के अनुसार, आवेदन फॉर्म में उम्मीदवार का नाम और जन्मतिथि 10वीं की मार्कशीट या प्रमाणपत्र में दर्ज जानकारी के समान होनी चाहिए। किसी भी तरह की गलती से बचने के लिए आवेदन से पहले अपने दस्तावेजों की जांच कर लेना बेहतर होगा।

जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन कैसे करें?

जेईई मेन 2027 के पहले सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवारों को एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा।

आवेदन के लिए ये जरूरी चरण पूरे करने होंगे:

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
  2. जेईई मेन 2027 सेशन-1 के आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
  3. मेरिपहचान के जरिए लॉगिन करके अपना पंजीकरण पूरा करें।
  4. व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा से जुड़ी जानकारियां भरें।
  5. निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  6. ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क जमा करें।
  7. फॉर्म जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एक उम्मीदवार केवल एक ही आवेदन फॉर्म जमा कर सकता है। एक से अधिक आवेदन करने पर उम्मीदवार का परिणाम रद्द किया जा सकता है।

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

जेईई मेन 2027 में आवेदन करने से पहले 12वीं पास करने का वर्ष, शैक्षणिक योग्यता और व्यक्तिगत जानकारी जरूर जांच लें। खासकर नाम और जन्मतिथि 10वीं के प्रमाणपत्र के अनुसार भरें। डिजिलॉकर की जानकारी अपडेट रखें और आवेदन के दौरान किसी दूसरे व्यक्ति के खाते का इस्तेमाल न करें।

छात्रों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि जेईई मेन में अच्छा स्कोर हासिल करना ही कॉलेज में प्रवेश की गारंटी नहीं है। एनआईटी, आईआईआईटी और अन्य संस्थानों में दाखिले के लिए उनकी अलग-अलग पात्रता शर्तें लागू हो सकती हैं। इसलिए आवेदन के साथ-साथ काउंसलिंग और दाखिले के नियमों की जानकारी भी लेते रहें।

आधिकारिक जानकारी: जेईई मेन 2027 की पात्रता, परीक्षा पैटर्न, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना बुलेटिन देख सकते हैं।

Raish Ahmed

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed