
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते क्षेत्र को देखते हुए तीन नए एडवांस सर्टिफिकेट प्रोग्राम शुरू करने की घोषणा की है। इन कोर्स में AI-संचालित प्रोडक्ट डिजाइन और मैनेजमेंट, AI एजेंट वर्कफ्लोज में एडवांस इंजीनियरिंग, और AgenticAI व GenAI आधारित UI/UX डिजाइन शामिल हैं।
ये कार्यक्रम IITM प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन और फ्यूचरेंस के सहयोग से संचालित होंगे। IITM प्रवर्तक भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा समर्थित एक टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब है, जो इंडस्ट्री-उन्मुख स्किल डेवलपमेंट पर काम करता है।
दिसंबर 2025 या जनवरी 2026 से होगी शुरुआत
संस्थान के अनुसार, ये कोर्स दिसंबर 2025 या जनवरी 2026 के आसपास शुरू होंगे और इनकी अवधि 7 से 8 महीने के बीच होगी। इनका लक्ष्य ऐसे पेशेवर तैयार करना है जो AI-आधारित उद्योगों की वास्तविक जरूरतों को समझते हों।
प्रोडक्ट मैनेजर, इंजीनियर, डिजाइनर, डेटा साइंटिस्ट, और एक साल से अधिक अनुभव वाले वे उम्मीदवार जो करियर बदलाव की तैयारी में हैं—उनके लिए ये प्रोग्राम खास रूप से डिजाइन किए गए हैं। संस्थान के मुताबिक, प्रतिभाशाली फ्रेशर्स को भी आवेदन का अवसर दिया जाएगा।
एलिजिबिलिटी: किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
इन कोर्स में प्रवेश के लिए उम्मीदवार के पास इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट या संबंधित क्षेत्र में ग्रेजुएशन और कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना आवश्यक है। चयन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों की योग्यता, तर्क क्षमता और डोमेन बेसिक्स की जांच के लिए एक टेस्ट भी लिया जाएगा।
कोर्स की मुख्य विशेषताएं
IIT मद्रास का कहना है कि प्रत्येक प्रोग्राम में स्टूडेंट्स को कैपस्टोन प्रोजेक्ट, कोर फैकल्टी का मार्गदर्शन और फ्यूचरेंस की लीडरशिप टीम के साथ इंटरैक्ट करने का मौका मिलेगा।
साथ ही प्रतिभागियों को AI क्लिनिक, ब्रेकफास्ट क्लब नेटवर्किंग सेशन, IITM प्रवर्तक कैंपस में वैकल्पिक इमर्शन प्रोग्राम जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
AI-संचालित कोर्स में क्या सिखाया जाएगा?
1. AI-संचालित प्रोडक्ट डिजाइन और मैनेजमेंट
इस कोर्स में स्टूडेंट्स जनरेटिव AI के उपयोग, प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स, मल्टी-एजेंट वर्कफ्लोज, प्रोडक्ट डेवलपमेंट की पूरी प्रक्रिया—आइडिया से मार्केट लॉन्च तक सीखेंगे।
2. AI एजेंट वर्कफ्लोज इंजीनियरिंग
इस कार्यक्रम में लैंगचेन, जैपियर, GPT-4 सहित 30 से अधिक AI टूल्स के माध्यम से स्केलेबल सिस्टम बनाना सिखाया जाएगा।
3. AgenticAI और GenAI आधारित UI/UX डिजाइन
इस कोर्स में प्रतिभागियों को वेब, मोबाइल, AR/VR और IoT प्लेटफॉर्म के लिए स्मार्ट, एडेप्टिव, AI-सपोर्टेड डिजाइन तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवार digitalskills.iitmpravartak.org.in पर जाकर कोर्स ID 415, 416 और 417 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।




Add comment