
Indian Institute of Technology Madras से जुड़ी IITM Pravartak Technologies Foundation ने छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए एक खास ऑनलाइन कोर्स शुरू किया है। “Out of the Box Thinking (OOBT)” नाम का यह कोर्स उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर नई और रचनात्मक तरीके से समस्याओं का समाधान सीखना चाहते हैं। खास बात यह है कि यह कोर्स पूरी तरह मुफ्त है और इसके लिए किसी तरह की फीस नहीं देनी होगी।
आज के समय में स्कूल, कॉलेज, ऑफिस और समाज से जुड़ी कई समस्याओं को हल करने के लिए सिर्फ किताबों की जानकारी काफी नहीं मानी जाती। कंपनियां और संस्थान अब ऐसे लोगों को ज्यादा महत्व दे रहे हैं जो अलग तरीके से सोच सकें और नई आइडियाज के साथ काम कर सकें। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए IIT मद्रास प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन ने यह ऑनलाइन कार्यक्रम तैयार किया है।
इस कोर्स में कक्षा 5वीं से ऊपर के छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कॉलेज स्टूडेंट्स, शिक्षक, प्रोफेसर, रिसर्च स्कॉलर्स और कामकाजी प्रोफेशनल्स भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। आयु सीमा को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं रखा गया है। संस्थान के अनुसार, अब तक 3 लाख से ज्यादा छात्र और प्रोफेशनल्स इस कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं।
कोर्स को चार अलग-अलग स्तरों में बांटा गया है ताकि अलग उम्र और शैक्षणिक स्तर के लोग अपनी सुविधा के अनुसार सही लेवल चुन सकें। पहला स्तर 5वीं कक्षा से ऊपर के छात्रों के लिए है, जबकि अन्य स्तर क्रमशः 7वीं, 9वीं और 11वीं कक्षा से ऊपर के छात्रों के लिए बनाए गए हैं। हालांकि किसी एक लेवल को पूरा करने के बाद ही दूसरा लेवल करना जरूरी नहीं है। प्रतिभागी अपनी जरूरत के अनुसार सीधे किसी भी स्तर में दाखिला ले सकते हैं।
यह पूरा कार्यक्रम ऑनलाइन मोड में संचालित किया जाएगा। इसमें रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर दिए जाएंगे और हर सप्ताह प्रतिभागियों को दो से तीन घंटे का अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नियमित असाइनमेंट, मूल्यांकन और रिजल्ट की सुविधा भी दी जाएगी।
कोर्स का मुख्य उद्देश्य छात्रों को रटने वाली पढ़ाई से हटाकर रचनात्मक और तार्किक सोच की ओर ले जाना है। इसमें संख्या सिद्धांत, बीजगणित, ज्यामिति, दृश्य गणित, कैलेंडर मैथ्स और लॉजिकल पजल्स जैसे विषय शामिल किए गए हैं। इसके जरिए छात्रों को समस्या समाधान के नए तरीके समझाए जाएंगे।
जो छात्र और प्रोफेशनल्स इस कोर्स में शामिल होना चाहते हैं, वे 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया IITM Pravartak Official Website पर उपलब्ध है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि क्रिएटिव और एनालिटिकल सोच भी करियर में बड़ी भूमिका निभाएगी। ऐसे में IIT मद्रास का यह फ्री कोर्स छात्रों और युवाओं के लिए नई स्किल सीखने का अच्छा अवसर माना जा रहा है।




Add comment