
ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए अहम समय आ गया है। 7 फरवरी से शुरू हो रही यह परीक्षा 7, 8, 14 और 15 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। चारों दिन परीक्षा दो शिफ्ट में कंप्यूटर आधारित मोड में कराई जाएगी। इस वर्ष GATE 2026 की आयोजन जिम्मेदारी IIT गुवाहाटी के पास है, जिसने परीक्षा से पहले उम्मीदवारों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को इन गाइडलाइंस का पालन करना अनिवार्य होगा।
एडमिट कार्ड की जांच है सबसे जरूरी
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक GATE 2026 का एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट gate2026.iitg.ac.in पर जाकर इसे तुरंत डाउनलोड कर लें। एडमिट कार्ड पर दर्ज नाम, रोल नंबर, परीक्षा तिथि, शिफ्ट और परीक्षा केंद्र की जानकारी को ध्यान से जांचना जरूरी है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा और बिना वैध एडमिट कार्ड के एंट्री नहीं दी जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग टाइम से पहले ही केंद्र पर पहुंच जाएं, ताकि किसी तरह की जल्दबाजी या परेशानी से बचा जा सके।
परीक्षा का समय और रिपोर्टिंग टाइम
GATE 2026 परीक्षा प्रतिदिन दो शिफ्ट में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। उम्मीदवारों को रिपोर्टिंग टाइम से कम से कम 60 से 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। गेट बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बायोमेट्रिक जांच और एग्जाम पैटर्न
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और डॉक्यूमेंट चेकिंग की जाएगी। GATE 2026 पूरी तरह कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। उम्मीदवारों को स्क्रीन पर वर्चुअल कैलकुलेटर उपलब्ध कराया जाएगा। इसलिए किसी भी तरह का पर्सनल कैलकुलेटर या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा हॉल में ले जाना सख्त मना है।
कौन-कौन से डॉक्यूमेंट जरूरी
उम्मीदवारों को GATE 2026 एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी साथ लानी होगी, जो A4 साइज पेपर पर प्रिंट होनी चाहिए। इसके अलावा एक ओरिजिनल और वैध फोटो पहचान पत्र भी अनिवार्य है। मान्य ID प्रूफ में आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड शामिल हैं। पहचान पत्र वही होना चाहिए, जिसका इस्तेमाल आवेदन के समय किया गया था। फोटो कॉपी या डिजिटल ID मान्य नहीं होगी।
इन चीजों पर है पूरी तरह रोक
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, नोट्स, किताबें, बैग और किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। केंद्र के भीतर स्टडी मटीरियल रखने की भी अनुमति नहीं होगी।
IIT गुवाहाटी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय से पहले तैयारी पूरी कर लें और परीक्षा वाले दिन सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ केंद्र पर पहुंचे, ताकि GATE 2026 का अनुभव बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।




Add comment