Edinbox Hindi
IIT मद्रास ने लॉन्च किया मैनेजमेंट और डेटा साइंस में नया BSc प्रोग्राम

IIT मद्रास ने लॉन्च किया मैनेजमेंट और डेटा साइंस में नया BSc प्रोग्राम

IIT मद्रास ने लॉन्च किया मैनेजमेंट और डेटा साइंस में नया BSc प्रोग्राम

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी IIT Madras ने मैनेजमेंट और डेटा साइंस में नया बैचलर ऑफ साइंस (BSc) प्रोग्राम लॉन्च किया है। इंटरडिसिप्लिनरी स्वरूप वाला यह अंडरग्रेजुएट कोर्स डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ (DoMS) के तहत पेश किया जा रहा है और इसका उद्देश्य छात्रों को डेटा-आधारित बिजनेस निर्णय लेने की आधुनिक क्षमताओं से लैस करना है।

कोर्स में क्या होगा खास?

www.pib.gov.in⁠ पर जारी जानकारी के अनुसार, IIT मद्रास के डायरेक्टर प्रो. वी. कामकोटी ने इस प्रोग्राम को कैंपस में आधिकारिक रूप से लॉन्च किया। नया कोर्स बिजनेस डिसीजन-मेकिंग, क्वांटिटेटिव थिंकिंग और डेटा-ड्रिवन प्रॉब्लम सॉल्विंग के क्षेत्र में विशेषज्ञता विकसित करने पर केंद्रित है।

कोर्स की संरचना ऐसी है कि छात्र वास्तविक उद्योग समस्याओं को समझते हुए डेटा का उपयोग कर समाधान तैयार करना सीखेंगे।

डिग्री और सीखने का ढांचा

इस प्रोग्राम को पूरा करने वाले छात्रों को IIT मद्रास से बैचलर ऑफ साइंस (BSc) की डिग्री प्रदान की जाएगी, जिसे संस्थान की अन्य डिग्रियों के समान अकादमिक मान्यता मिलेगी।

एडमिशन, प्लेटफॉर्म सपोर्ट, प्लेसमेंट और करियर गाइडेंस जैसे सभी प्रोसेस IIT मद्रास के सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन (CODE) के माध्यम से संचालित किए जाएंगे।

जून 2026 में शुरू होगा पहला बैच

इस कोर्स का पहला बैच जून 2026 से शुरू होगा, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 मई 2026 तय की गई है। प्रोग्राम और एडमिशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी study.iitm.ac.in/mg पर उपलब्ध है।

संस्थान ने इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग और उद्योग अनुभव सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ सहयोग बढ़ाया है, जिससे छात्रों को वास्तविक कार्य वातावरण में सीखने के अवसर मिलेंगे।

कोर्स के बाद करियर स्कोप

इस प्रोग्राम के ग्रेजुएट्स के लिए करियर के अवसर कई प्रमुख क्षेत्रों में उपलब्ध होंगे, जिनमें मैन्युफैक्चरिंग, कंस्ट्रक्शन, बैंकिंग, वित्तीय संस्थान, IT और ITES, ई-कॉमर्स, कंसल्टिंग, हेल्थकेयर और पॉलिसी रिसर्च शामिल हैं।

ग्रेजुएट छात्र निम्न प्रोफाइल्स पर काम कर सकते हैं— बिजनेस एनालिस्ट, बिजनेस कंसल्टेंट, डेटा साइंटिस्ट, इकोनॉमिस्ट, फाइनेंशियल एनालिस्ट, ऑपरेशंस मैनेजर, सप्लाई चेन एनालिस्ट, मार्केटिंग एनालिस्ट और स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट जैसी भूमिकाएं।

कामकाजी पेशेवरों और छात्रों के लिए लचीला मौका

इस प्रोग्राम की न्यूनतम योग्यता 12वीं पास या डिप्लोमा रखी गई है। इसमें न उम्र की कोई सीमा है, न सीटों की पाबंदी। स्टूडेंट्स इसे स्टैंडअलोन डिग्री की तरह, किसी अन्य कोर्स के साथ या नौकरी करते हुए भी पूरा कर सकते हैं।

एडमिशन के लिए उम्मीदवारों को या तो इन-हाउस क्वालिफायर परीक्षा पास करनी होगी या फिर JEE Advanced में शामिल होने की पात्रता होना आवश्यक है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed