
भारत में स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा को लेकर तेजी से काम हो रहा है। केंद्र सरकार ने 2030 तक गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता बढ़ाने का बड़ा लक्ष्य तय किया है। इसी दिशा में सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़े क्षेत्रों में बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। इसके साथ ही देश में ग्रीन जॉब्स के अवसर भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार आने वाले वर्षों में ग्रीन सेक्टर में लाखों नई नौकरियां पैदा होने की संभावना है। ऊर्जा, तकनीक और पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों में कंपनियां अब ऐसे युवाओं की तलाश कर रही हैं, जिन्हें टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबिलिटी दोनों की समझ हो।
तेजी से बदल रहा है नौकरी का बाजार
पिछले कुछ वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा एनालिटिक्स और ऑटोमेशन का उपयोग लगभग हर सेक्टर में बढ़ा है। ग्रीन एनर्जी सेक्टर भी इससे अछूता नहीं है। अब सोलर प्लांट मॉनिटरिंग, ऊर्जा प्रबंधन, कार्बन ट्रैकिंग और स्मार्ट ग्रिड सिस्टम में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसी वजह से कंपनियों को ऐसे प्रोफेशनल्स की जरूरत है, जो तकनीक के साथ पर्यावरणीय मानकों को भी समझते हों। खासतौर पर ईएसजी यानी एन्वॉयरन्मेंटल, सोशल और गवर्नेंस मानकों पर कंपनियों का फोकस लगातार बढ़ रहा है। इससे ईएसजी ऑडिटर, सस्टेनेबिलिटी मैनेजर, ग्रीन टेक विशेषज्ञ और क्लाइमेट रिस्क एनालिस्ट जैसी नई भूमिकाओं की मांग बढ़ रही है।
क्या होती हैं ग्रीन जॉब्स?
ग्रीन जॉब्स ऐसे रोजगार होते हैं, जिनका सीधा संबंध पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास से होता है। इन नौकरियों का उद्देश्य आर्थिक विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करना है।
यह क्षेत्र अब केवल इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं रहा। कॉमर्स, मैनेजमेंट, कृषि, डाटा साइंस और सामाजिक विज्ञान जैसे अलग-अलग शैक्षणिक क्षेत्रों से जुड़े छात्रों के लिए भी इसमें अवसर बढ़ रहे हैं।
किन स्किल्स की बढ़ रही मांग?
ग्रीन सेक्टर में केवल पारंपरिक डिग्री पर्याप्त नहीं मानी जा रही। कंपनियां अब ऐसे उम्मीदवार चाहती हैं, जिनके पास नई तकनीकों और सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी व्यावहारिक समझ हो।
डाटा एनालिटिक्स, एआई, ऑटोमेशन, कार्बन अकाउंटिंग, सस्टेनेबिलिटी मैनेजमेंट, रिन्यूएबल एनर्जी सिस्टम्स, ईएसजी रिपोर्टिंग और डिजिटल ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे कौशल तेजी से महत्वपूर्ण बनते जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में तकनीक और पर्यावरण का मेल रोजगार बाजार की दिशा तय करेगा। ऐसे में युवाओं को समय रहते नई स्किल्स सीखने पर ध्यान देना होगा।
व्यावहारिक अनुभव भी होगा जरूरी
ग्रीन सेक्टर में करियर बनाने के लिए केवल सैद्धांतिक ज्ञान काफी नहीं है। छात्रों को व्यावहारिक अनुभव पर भी ध्यान देना होगा।
इसके लिए छात्र सोलर और रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों में इंटर्नशिप कर सकते हैं। इसके अलावा एनजीओ, सस्टेनेबिलिटी प्रोजेक्ट्स और क्लाइमेट-टेक स्टार्टअप्स के साथ जुड़कर भी अनुभव हासिल किया जा सकता है।
रिसर्च प्रोजेक्ट्स, हैकाथॉन और इनोवेशन कार्यक्रमों में भाग लेने से नई तकनीकों को समझने और इंडस्ट्री नेटवर्क बनाने में मदद मिलती है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ प्रोफेशनल प्रोफाइल भी मजबूत होती है।
अलग-अलग क्षेत्रों के छात्रों के लिए अवसर
इंजीनियरिंग के छात्र सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में करियर बना सकते हैं। वहीं कॉमर्स और मैनेजमेंट से जुड़े विद्यार्थी क्लाइमेट फाइनेंस, ईएसजी रिपोर्टिंग और सस्टेनेबिलिटी मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं।
कृषि क्षेत्र के छात्रों के लिए स्मार्ट फार्मिंग, जल संरक्षण और ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर में संभावनाएं बढ़ रही हैं। दूसरी ओर डाटा साइंस और एआई सीखने वाले युवा क्लाइमेट डाटा एनालिटिक्स और ग्रीन टेक इनोवेशन में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
आने वाले समय में और बढ़ेगी मांग
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में ग्रीन एनर्जी सेक्टर आने वाले वर्षों में रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है। सरकार की स्वच्छ ऊर्जा योजनाएं, निजी निवेश और तकनीकी बदलाव इस क्षेत्र को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।
ऐसे में जो युवा अभी से नई तकनीकों और सस्टेनेबिलिटी आधारित कौशल पर काम करेंगे, उनके लिए भविष्य में बेहतर करियर अवसर तैयार हो सकते हैं।




Add comment