
अमेरिका में भारतीय छात्रों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब ताजा घटना में अमेरिका में 26 वर्षीय एक भारतीय छात्र की न्यूयॉर्क राज्य के अल्बानी के बार्बरविले फॉल्स में गिरने के बाद डूबने से मौत हो गई है। मृतक छात्र की पहचान जी साईं सूर्या अविनाश के रूप में हुई है, जिसका संबंध आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के गोपालपुरम मंडल के चित्याला से है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जी साईं सूर्या, अमेरिका में गलती से झरने में गिर गया और उसकी मौत हो गई।
न्यूयॉर्क स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के चिताल्या के निवासी अविनाश की न्यूयॉर्क के अल्बानी में बार्बरविले झरने में डूबने से मौत हो गई। हम ट्राइन यूनिवर्सिटी के छात्र साईं सूर्या अविनाश गड्डे की दुखद मौत से बहुत दुखी हैं। मृत छात्र के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए वाणिज्य दूतावास ने कहा कि ‘वह अविनाश के पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के लिए सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।’
छात्र के लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार उसने 2023-24 सत्र में अमेरिका के इंडियाना में ट्राइन यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया था। 7 जुलाई को वह अपनी बड़ी बहन के परिवार के साथ एक दोस्त के घर गया। वहां से दोनों परिवार के सदस्य पास के झरने को देखने गए थे। वहीं, छात्र साईं सूर्या अविनाश गड्डे गलती से झरने में गिर गया और उसकी मौत हो गई।
अविनाश के एक रिश्तेदार ने बताया कि वह 18 महीने पहले ही अमेरिका गया था और वहां एमएस कोर्स पूरा करने ही वाला था। वह अपने दोस्तों के साथ झरने पर गया था, लेकिन गलती से उसमें गिर गया। अमेरिका स्थित तेलुगु एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका ने अविनाश की मौत पर कहा कि यह उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
अमेरिका में भारतीयों खासतौर से छात्रों की मौत की बढ़ती घटनाओं में यह ताजा मामला है। पिछले महीने 32 वर्षीय दसारी गोपीकृष्ण की अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक दुकान में लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। गोपीकृष्ण एक साल से भी कम समय पहले अमेरिका आया था। अमेरिका में इस साल छह से अधिक भारतीय छात्रों और अन्य लोगों की मौत हो चुकी है।




Add comment