Edinbox Hindi

मध्य गाजा के स्कूल पर इजराइल के हमले में 30 की मौत, 100 से ज्यादा घायल

फलस्तीन ने दावा किया है कि मध्य गाजा के दीर अल-बलाह में एक स्कूल पर इस्राइल के हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए जबकि इस्राइली सेना का कहना है कि उसने हमास के कमांड सेंटर को निशाना बनाया है। 

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय और हमास द्वारा संचालित मीडिया कार्यालय ने दीर अल-बलाह में स्कूल पर हमले में मारे गए लोगों की संख्या 30 बताई। यह गाजा के विस्थापित परिवारों की सबसे बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है। मीडिया कार्यालय के मुताबिक, इस हमले में सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

इस्राइली सेना (आईडीएफ) ने एक बयान में दावा किया कि उसने मध्य गाजा के खदीजा स्कूल परिसर के अंदर हमास के कमांड और नियंत्रण केंद्र को निशाना बनाया है। बयान में कहा गया है कि स्कूल का इस्तेमाल उनके सैनिकों पर हमले करने और हथियारों को जमा करने के लिए किया जा रहा था। आईडीएफ ने कहा कि उसने हमले से पहले वहां के नागरिकों को चेतावनी दी थी। 

घायलों को एंबुलेंस के जरिए दीर अल-बलाह के अल-अक्सा अस्पताल में ले जाया गया। कुछ घायल पैदल भी पहुंचे, जिनके कपड़े खून से सने थे। इससे पहले इस्राइली सेना ने हमास पर आरोप लगाया था कि वह नागरिकों की आड़ में हमले कर रहा है और घनी आबादी वाले इलाकों, स्कूलों और अस्पतालो से हमलों को अंजाम दे रहा है। हालांकि, हमास ने हमेशा इससे इनकार किया है।  

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से 39 हजार से ज्यादा फलस्तीन लोग मारे जा चुके हैं। इस्राइली अधिकारियों का अनुमान है कि हमास और इस्लामिक जिहाद समूहों के करीब 14 हजार आतंकवादी मारे गए हैं। युद्ध तब शुरू हुआ था, जब पिछले साल सात अक्तूबर को हमास ने दक्षिण इस्राइल पर हमला किया। इस हमले में करीब 1200 इस्राइली मारे गए थे। जबकि 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed