NTA Helpline Number 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की मदद के लिए 24 घंटे चलने वाली टोल फ्री हेल्पलाइन शुरू की है। अब उम्मीदवार आवेदन फॉर्म, फीस भुगतान, एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी सामान्य समस्याओं के समाधान के लिए 1800-180-4747 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, एजेंसी ने 011-69227700 नंबर पर हेल्प डेस्क भी शुरू की है, जो रोजाना सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
एनटीए की ओर से आयोजित NEET UG, UGC NET, CUET और JEE Main जैसी परीक्षाओं में हर साल बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल होते हैं। आवेदन करते समय तकनीकी गड़बड़ी, फीस जमा होने के बाद स्टेटस अपडेट न होना, एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी और परीक्षा से जुड़ी जानकारी को लेकर होने वाला भ्रम छात्रों के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है। नई हेल्पलाइन का उद्देश्य ऐसी समस्याओं में उम्मीदवारों को सहायता उपलब्ध कराना है।
एजेंसी के अनुसार, 24 घंटे वाली टोल फ्री सेवा फिलहाल परीक्षण के तौर पर शुरू की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट और संबंधित परीक्षा पोर्टल को प्राथमिकता दें।
NTA के दोनों हेल्पलाइन नंबर और समय
24×7 टोल फ्री हेल्पलाइन: 1800-180-4747
इस नंबर पर उम्मीदवार किसी भी समय परीक्षा से जुड़े सामान्य सवाल पूछ सकते हैं। फिलहाल यह सेवा पायलट आधार पर चलाई जा रही है।
हेल्प डेस्क नंबर: 011-69227700
यह हेल्प डेस्क प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवार अपनी समस्या के अनुसार इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
किन समस्याओं के लिए कर सकते हैं संपर्क?
एनटीए की हेल्पलाइन का उपयोग परीक्षा से जुड़ी सामान्य जानकारी और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए किया जा सकता है। इनमें ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरते समय आने वाली दिक्कतें, फीस भुगतान के बाद भी भुगतान की स्थिति अपडेट न होना और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी जैसी समस्याएं शामिल हैं।
इसके अलावा, परीक्षा केंद्र के पते, परीक्षा की तारीख, शिफ्ट के समय या आवेदन से संबंधित जानकारी को लेकर भ्रम होने पर भी उम्मीदवार आधिकारिक सहायता ले सकते हैं। यदि एडमिट कार्ड में नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरण गलत दर्ज हैं, तो उम्मीदवारों को संबंधित परीक्षा के आधिकारिक पोर्टल पर दिए गए निर्देशों के अनुसार शिकायत दर्ज करनी चाहिए।
ध्यान रखें कि हेल्पलाइन पर संपर्क करने से पहले अपना आवेदन नंबर और संबंधित जानकारी तैयार रखें। इससे समस्या समझाने और उसका समाधान पाने में आसानी हो सकती है।
साइबर ठगी से बचने के लिए NTA की चेतावनी
परीक्षा के समय कुछ ठग उम्मीदवारों को बेहतर अंक दिलाने, पेपर लीक कराने या आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने का झांसा देकर पैसे मांग सकते हैं। ऐसे मामलों से बचने के लिए एनटीए ने उम्मीदवारों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उम्मीदवारों को अपना पासवर्ड, वन टाइम पासवर्ड (OTP) या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। एनटीए के नाम पर फोन करने वाला कोई व्यक्ति यदि ऐसी जानकारी मांगता है, तो उस पर भरोसा न करें।
परीक्षा की तारीख, आवेदन की अंतिम तिथि, एडमिट कार्ड और परिणाम से जुड़ी जानकारी के लिए केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in या संबंधित परीक्षा के आधिकारिक पोर्टल पर भरोसा करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना को आधिकारिक पुष्टि के बिना सही न मानें।
JEE Main 2027 और UGC NET की परीक्षाएं कब होंगी?
एनटीए की आगामी परीक्षाओं को देखते हुए उम्मीदवारों के लिए आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम पर नजर रखना जरूरी है। JEE Main 2027 के पहले सत्र की परीक्षा जनवरी 2027 में आयोजित की जाएगी। वहीं, UGC NET दिसंबर 2026 की परीक्षा दिसंबर में होगी। CSIR-UGC NET की परीक्षाएं भी दिसंबर 2026 में निर्धारित हैं।
JEE Main 2027 के पहले सत्र की परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को आयोजित की जानी है। UGC NET दिसंबर 2026 के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को होगी। CSIR-UGC NET दिसंबर 2026 की परीक्षा 19, 22 और 27 दिसंबर को निर्धारित है।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा की तारीख, आवेदन की समयसीमा, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी अपडेट के लिए संबंधित परीक्षा की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।


Add comment