
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, लेटरल एंट्री, कारीगर श्रेणी और पीएचडी पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रवेश परीक्षा NIFTEE 2026 आगामी 8 फरवरी को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देशभर के 100 शहरों में कंप्यूटर आधारित और पेन-पेपर मोड, दोनों माध्यमों में होगी। विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार हिंदी या अंग्रेजी भाषा चुन सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और इच्छुक छात्र 6 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। जो उम्मीदवार समयसीमा चूक जाते हैं, वे 7 से 10 जनवरी के बीच ₹5,000 विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा कर पाएंगे। एनटीए के अनुसार, सत्र 2026 के लिए निफ्ट संस्थानों में एडमिशन प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से शुरू मानी जा रही है।
निफ्ट में बैचलर ऑफ डिजाइन, बैचलर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, मास्टर ऑफ डिजाइन, मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट और मास्टर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी के लिए दाखिले सामान्य योग्यता और रचनात्मक योग्यता परीक्षण के आधार पर होंगे। कारीगर श्रेणी के अंतर्गत बीडेस में आवेदन निफ्ट के अलग प्रावधानों के अनुसार किया जा सकेगा। लेटरल एंट्री के जरिए विद्यार्थी बीडेस और बीई-टेक में प्रवेश पा सकेंगे। पीएचडी के लिए निफ्ट परीक्षा के बाद शोध प्रस्ताव और इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने से पहले छात्रों को आयु, शैक्षिक योग्यता और विषय से जुड़े पात्रता नियम ध्यान से पढ़ने होंगे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान आधार आधारित ई-केवाईसी, स्कैन फोटो, हस्ताक्षर और लाइव फोटो अपलोड करना आवश्यक हो सकता है। दिव्यांग उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में वैध यूडीआईडी कार्ड अपलोड करना होगा। विस्तृत दिशा-निर्देश एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
NIFTEE 2026 के लिए देशभर के 100 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के आठ, उत्तराखंड के तीन, राजस्थान के पांच, पंजाब के तीन, जम्मू-कश्मीर के दो, हिमाचल प्रदेश के दो, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के एक-एक केंद्र शामिल हैं।




Add comment