
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बाहरी दिल्ली में नकली शैक्षणिक सामग्री तैयार करने वाले एक गिरोह का बड़ा नेटवर्क पकड़ लिया है। पुलिस ने शाहबाद दौलतपुर स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर 5,000 से अधिक नकली NCERT पाठ्यपुस्तकें बरामद कीं। मौके से दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि आरोपी अरविंद कुमार कक्षा 1 से 12 तक की किताबों की छपाई और सप्लाई में शामिल था। विशेष सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी, एसआई संदीप संधू और एसआई प्रेमपाल सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस कई दिनों से दिल्ली और एनसीआर में नकली शैक्षणिक सामग्री बेचने वाले एक संगठित गिरोह की निगरानी कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, 12 मार्च को पुलिस को पता चला कि नकली NCERT किताबों की बड़ी खेप शाहबाद दौलतपुर के एक गोदाम में रखी गई है। टीम ने गोदाम में तलाशी ली, जहां हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की हजारों किताबें मिलीं। किताबों की जांच के लिए एनसीईआरटी के अधिकारियों को बुलाया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि ये सभी पुस्तकें नकली हैं। इसके बाद 5,011 किताबों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अरविंद कुमार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और 2003 में दिल्ली आया था। उसके पिता अखबार बेचने का काम करते थे। उसने Hansraj College से स्नातक और IGNOU से परास्नातक किया। कई प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल रहने के बाद वह 2022 से कथित रूप से नकली पुस्तकें बेचने के कारोबार में शामिल हो गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह इससे पहले भी दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस अब इस नेटवर्क के छपाई, भंडारण और सप्लाई में शामिल अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है।




Add comment