
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 24 अप्रैल 2026 को एडइनबॉक्स रीजनल हायर एजुकेशन समिट 2026 (EdInbox Regional Higher Education Summit 2026) आयोजित किया जाएगा। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस पूरे दिन के आयोजन में शिक्षा जगत के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, स्कूल लीडर्स, विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं और छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस समिट में बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को आमंत्रित किया गया है। हालांकि, उनकी मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
इस समिट का उद्देश्य एक ऐसा साझा मंच तैयार करना है, जहां शिक्षा क्षेत्र में उभरते ट्रेंड्स, नई तकनीकों और भविष्य के अवसरों पर सार्थक चर्चा हो सके। आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण सत्र और पहलें प्रस्तावित हैं, जिनमें रीजनल प्रिंसिपल्स मीट, एकेडमिक लीडरशिप डायलॉग और स्कूल–यूनिवर्सिटी कनेक्ट इनिशिएटिव प्रमुख रहेंगे।
कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संस्थानों और छात्रों को सम्मानित करने की भी योजना है। इसके साथ ही छात्रों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे कार्यक्रम को अधिक सहभागी और जीवंत बनाया जा सके।
समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बदलते क्रिएटिव करियर और फॉरेंसिक साइंस जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे और छात्रों को भविष्य की संभावनाओं के बारे में जागरूक करेंगे।
पैनल डिस्कशन और संवाद सत्रों में इस बात पर विशेष जोर रहने की संभावना है कि शिक्षा प्रणाली को तेजी से बदलती तकनीकी और सामाजिक जरूरतों के अनुरूप ढालना जरूरी है। साथ ही, स्कूलों और विश्वविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा होगी, ताकि छात्रों को अधिक व्यावहारिक और करियर-उन्मुख शिक्षा मिल सके।
आयोजकों का मानना है कि यह समिट शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद को मजबूत करने और भविष्य में ऐसे प्रयासों को और व्यापक स्तर पर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।




Add comment