
मई 2026 में होने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच Institute of Chartered Accountants of India (ICAI) ने उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण गाइडलाइन जारी की है, जिसमें परीक्षा की तैयारी से लेकर बदलते समय में सीए पेशे की भूमिका तक पर विस्तार से जानकारी दी गई है।
आईसीएआई के अनुसार, आज के दौर में चार्टर्ड अकाउंटेंट की भूमिका केवल लेखांकन और ऑडिटिंग तक सीमित नहीं रही है। अब यह पेशा कॉरपोरेट निर्णय लेने, गवर्नेंस, अनुपालन और वित्तीय रणनीति का अहम हिस्सा बन चुका है। बदलते आर्थिक माहौल में सीए प्रोफेशन लगातार नए क्षेत्रों में अपनी जगह बना रहा है, जिससे इसकी उपयोगिता और बढ़ गई है।
संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया है कि फॉरेंसिक अकाउंटिंग, रिस्क मैनेजमेंट, दिवालियापन प्रक्रिया, वैल्यूएशन, इंटरनेशनल टैक्सेशन और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में सीए की मांग तेजी से बढ़ रही है। साथ ही ऑटोमेशन के बढ़ते प्रभाव के बीच अब केवल तकनीकी जानकारी ही नहीं, बल्कि विश्लेषण क्षमता और प्रोफेशनल निर्णय लेने की योग्यता भी उतनी ही जरूरी हो गई है।
परीक्षा शेड्यूल की बात करें तो मई 2026 में सीए की परीक्षाएं पूरे महीने आयोजित की जाएंगी। फाइनल कोर्स की परीक्षाएं 2 से 12 मई के बीच होंगी, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा के समय में आंशिक बदलाव किया गया है। नए कार्यक्रम के अनुसार ग्रुप I की परीक्षाएं 5, 7 और 9 मई को और ग्रुप II की परीक्षाएं 11, 13 और 15 मई को आयोजित होंगी। परीक्षा के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
आईसीएआई ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की तैयारी पर निर्भर न रहें, बल्कि नियमित और अनुशासित पढ़ाई को प्राथमिकता दें। संस्थान का कहना है कि कॉन्सेप्ट को समझकर पढ़ना, परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन की कुंजी है। केवल रटने के बजाय विषय की गहराई से समझ विकसित करना जरूरी है, क्योंकि प्रश्नों का पैटर्न लगातार बदल रहा है।
गाइडलाइन में यह भी कहा गया है कि छात्रों को आईसीएआई के आधिकारिक स्टडी मैटेरियल का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। इसके साथ ही मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल करना तैयारी को मजबूत बनाता है। नियमित रिवीजन और उत्तर लेखन का अभ्यास भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जिससे परीक्षा में समय प्रबंधन और प्रस्तुति बेहतर हो सके।
संस्थान ने पाठ्यक्रम में होने वाले बदलावों और कानूनों में संशोधन पर नजर रखने की भी सलाह दी है। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध लाइव क्लास, वेबिनार और अन्य लर्निंग संसाधनों का उपयोग करने से तैयारी को और बेहतर बनाया जा सकता है।
आईसीएआई ने साफ किया है कि पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। लंबे समय तक तैयारी करने वाले छात्रों के लिए मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखना सफलता की दिशा में अहम भूमिका निभाता है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि बदलते आर्थिक और तकनीकी दौर में सीए पेशा पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण और अवसरों से भरा हो गया है। ऐसे में सही रणनीति, नियमित अभ्यास और अपडेटेड ज्ञान के साथ छात्र इस कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर सकते हैं।




Add comment