Edinbox Hindi
UGC NET परीक्षा 22 जून से शुरू, जानें कब आएगी सिटी इंटीमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड

UGC NET परीक्षा 22 जून से शुरू, जानें कब आएगी सिटी इंटीमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड

UGC NET परीक्षा 22 जून से शुरू, जानें कब आएगी सिटी इंटीमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम जारी कर दिया है। देशभर में आयोजित होने वाली यह परीक्षा 22 जून से 30 जून 2026 तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराई जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 80 से अधिक विषयों की परीक्षाएं विभिन्न तिथियों में दो शिफ्टों में आयोजित होंगी।

एनटीए द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। उम्मीदवार अब अपने विषय और परीक्षा तिथि के अनुसार तैयारी को अंतिम रूप दे सकते हैं।

जल्द जारी होगी सिटी इंटीमेशन स्लिप

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर की जानकारी देने वाली सिटी इंटीमेशन स्लिप परीक्षा तिथि से लगभग 8 से 10 दिन पहले जारी की जाएगी। ऐसे में 22 जून को परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को 12 से 14 जून के बीच अपने परीक्षा शहर की जानकारी मिलने की संभावना है।

हालांकि सिटी इंटीमेशन स्लिप को एडमिट कार्ड नहीं माना जाएगा। इसका उद्देश्य केवल उम्मीदवारों को उनके परीक्षा शहर की अग्रिम जानकारी देना है ताकि वे यात्रा और अन्य व्यवस्थाएं समय रहते कर सकें।

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह

एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करें। परीक्षा केंद्र का शहर, परीक्षा तिथि, शिफ्ट का समय, विषय का नाम और विषय कोड जैसी जानकारी पहले से सत्यापित कर लेना जरूरी होगा ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

22 जून से शुरू होगी परीक्षा

यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा की शुरुआत 22 जून से होगी। पहले दिन पहली शिफ्ट में दृश्य कला, संग्रहालय विज्ञान एवं संरक्षण, भूगोल, मराठी, पंजाबी, तमिल तथा श्रम कल्याण एवं कार्मिक प्रबंधन जैसे विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

वहीं दूसरी शिफ्ट में कंप्यूटर साइंस एंड एप्लिकेशन, फारसी, रूसी, बंगाली, गृह विज्ञान, संगीत और जनसंख्या अध्ययन सहित कई विषय शामिल किए गए हैं।

30 जून तक जारी रहेंगी परीक्षाएं

परीक्षा का अंतिम दिन 30 जून होगा। इस दिन पहली शिफ्ट में अर्थशास्त्र, पर्यावरण विज्ञान, हिंदू अध्ययन, मानव विज्ञान, बोडो, गुजराती, संस्कृत, राजनीति विज्ञान तथा मानवाधिकार एवं कर्तव्य जैसे विषयों की परीक्षा होगी।

दूसरी शिफ्ट में असमिया, समाजशास्त्र, योग, पर्यटन प्रशासन एवं प्रबंधन, वयस्क शिक्षा, पुरातत्व, उड़िया, सामाजिक चिकित्सा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य, सांख्यिकी तथा वानिकी जैसे विषयों के उम्मीदवार परीक्षा देंगे।

उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

एनटीए ने कहा है कि सभी अभ्यर्थी परीक्षा से जुड़े नवीनतम अपडेट, दिशा-निर्देश और सूचनाओं के लिए यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से देखते रहें। परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए उम्मीदवार एनटीए हेल्पलाइन 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

यूजीसी नेट देशभर के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी प्रवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाती है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित तिथि, परीक्षा केंद्र और शिफ्ट संबंधी सभी जानकारियों पर नजर बनाए रखें और आधिकारिक घोषणाओं के आधार पर ही किसी सूचना पर भरोसा करें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed