Edinbox Hindi
QS Best Student Cities Ranking 2027: Mumbai emerges as India's top student city; Delhi is the world's most affordable student city

QS Best Student Cities Ranking 2027: मुंबई बना भारत का नंबर-1 छात्र शहर, दिल्ली दुनिया का सबसे किफायती स्टूडेंट सिटी

QS Best Student Cities Ranking 2027: Mumbai emerges as India's top student city; Delhi is the world's most affordable student city

QS Best Student Cities Ranking 2027: दुनिया के छात्रों के लिए सबसे बेहतर शहरों की नई सूची जारी हो गई है। वैश्विक हायर एजुकेशन एनालिटिक्स संस्था QS Quacquarelli Symonds (QS) ने Best Student Cities Ranking 2027 जारी की है। इस बार भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि देश के चार शहरों ने वैश्विक टॉप-150 में जगह बनाई है। मुंबई ने भारतीय शहरों में सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश का नंबर-1 छात्र शहर बनने का गौरव हासिल किया है, जबकि दिल्ली को दुनिया का सबसे किफायती छात्र शहर माना गया है।

यह रैंकिंग दुनिया के उन शहरों का आकलन करती है, जहां पढ़ाई, रहने की सुविधा, रोजगार के अवसर और छात्रों का अनुभव सबसे बेहतर माना जाता है।

सियोल लगातार दुनिया का नंबर-1 छात्र शहर

QS Best Student Cities Ranking 2027 में दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। सियोल को 100 में 100 अंक मिले हैं और उसने लगातार दुनिया के सर्वश्रेष्ठ छात्र शहर का दर्जा बरकरार रखा है।

जापान की राजधानी टोक्यो दूसरे स्थान पर रही, जबकि लंदन तीसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न चौथे स्थान पर रहा। म्यूनिख और सिडनी संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। टॉप-10 में पेरिस, बर्लिन, वियना और ज्यूरिख भी शामिल हैं।

दुनिया के टॉप-10 छात्र शहर (QS Best Student Cities Ranking 2027)

रैंक

शहर

देश

1

सियोल

दक्षिण कोरिया

2

टोक्यो

जापान

3

लंदन

यूनाइटेड किंगडम

4

मेलबर्न

ऑस्ट्रेलिया

5 (संयुक्त)

म्यूनिख

जर्मनी

5 (संयुक्त)

सिडनी

ऑस्ट्रेलिया

7

पेरिस

फ्रांस

8

बर्लिन

जर्मनी

9

वियना

ऑस्ट्रिया

10

ज्यूरिख

स्विट्जरलैंड

मुंबई बना भारत का सबसे बेहतर छात्र शहर

इस साल भारतीय शहरों में सबसे बड़ी उपलब्धि मुंबई के नाम रही। पिछले संस्करण में 98वें स्थान पर रहने वाला मुंबई इस बार 91वें स्थान पर पहुंच गया। सात स्थान की छलांग के साथ मुंबई भारत का सबसे बेहतर छात्र शहर बनकर उभरा है।

मुंबई को कुल 61.8 अंक मिले हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार के अवसर (Employer Activity) के मामले में मुंबई को दुनिया में 34वीं रैंक मिली है। वहीं किफायती शिक्षा और रहने के खर्च (Affordability) के मामले में शहर 12वें स्थान पर रहा, जो इसकी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

पहली बार वैश्विक टॉप-100 में पहुंची दिल्ली

देश की राजधानी दिल्ली ने भी इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले साल 104वें स्थान पर रहने वाला दिल्ली इस बार 99वें स्थान पर पहुंच गया और पहली बार वैश्विक टॉप-100 छात्र शहरों में शामिल हुआ।

दिल्ली को Affordability श्रेणी में 93.9 अंक मिले, जो इस श्रेणी में दुनिया में सबसे अधिक हैं। इसी वजह से दिल्ली को दुनिया का सबसे किफायती छात्र शहर माना गया है। कम खर्च में उच्च शिक्षा और रहने की सुविधाओं के कारण दिल्ली अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी आकर्षक विकल्प बनती जा रही है।

बेंगलुरु और चेन्नई ने भी बनाई जगह

रैंकिंग में भारत के दो अन्य प्रमुख शिक्षा केंद्र बेंगलुरु और चेन्नई भी शामिल हैं। बेंगलुरु संयुक्त रूप से 114वें स्थान पर रहा, जबकि चेन्नई को 123वीं रैंक मिली।

इन चार शहरों की मौजूदगी यह दिखाती है कि भारत के बड़े शैक्षणिक केंद्र वैश्विक स्तर पर छात्रों के लिए लगातार मजबूत विकल्प बन रहे हैं।

QS Best Student Cities Ranking 2027 में भारतीय शहर

शहर

वैश्विक रैंक

मुंबई

91

दिल्ली

99

बेंगलुरु

114 (संयुक्त)

चेन्नई

123

किन मानकों पर तैयार होती है QS Best Student Cities Ranking?

QS Best Student Cities Ranking में केवल उन्हीं शहरों को शामिल किया जाता है जिनकी आबादी कम से कम 2.5 लाख हो और जहां कम से कम दो विश्वविद्यालय QS World University Rankings में शामिल हों।

रैंकिंग तैयार करने के लिए छह प्रमुख मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। इनमें विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता, पढ़ाई के बाद रोजगार के अवसर, पढ़ाई और रहने का खर्च, शहर में रहने की पसंद, छात्रों की विविधता और छात्रों का समग्र अनुभव शामिल हैं।

इन्हीं सभी मानकों के आधार पर दुनिया के 150 शहरों का मूल्यांकन किया जाता है और अंतिम रैंकिंग जारी की जाती है।

भारतीय छात्रों के लिए क्या मायने रखती है यह रैंकिंग?

QS Best Student Cities Ranking 2027 यह संकेत देती है कि भारत के प्रमुख शहर अब केवल घरेलू छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी तेजी से आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। मुंबई में बेहतर रोजगार के अवसर और दिल्ली की कम लागत वाली शिक्षा भारतीय उच्च शिक्षा व्यवस्था की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाती है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed