
नई दिल्ली: अगर आप जामिया मिल्लिया इस्लामिया (Jamia Millia Islamia) के छात्र हैं, तो अब कैंपस में खाने-पीने के लिए पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस की कैंटीनों में मिलने वाले अधिकांश खाद्य और पेय पदार्थों की नई दरों को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में जामिया के संपत्ति विभाग (Estate Department) ने आधिकारिक सर्कुलर जारी कर दिया है।
दूसरी ओर, विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिला लेने वाले नए छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम की तारीख भी घोषित कर दी है। यह कार्यक्रम 27 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
जामिया की कैंटीन में बढ़े खाने-पीने के दाम
विश्वविद्यालय परिसर में करीब 16 कैंटीन संचालित होती हैं, जहां छात्रों और कर्मचारियों के लिए लगभग 53 तरह के खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध हैं।
जारी सर्कुलर के अनुसार, कॉफी, कोल्ड कॉफी, आलू बोंडा, वड़ा और चिली चिकन को छोड़कर लगभग सभी खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
नई दरें कैंपस की सभी कैंटीनों में लागू कर दी गई हैं। कीमतों में वृद्धि के बाद अब छात्रों को चाय, छोले-भटूरे, समोसा, चिकन बिरयानी, विभिन्न प्रकार की थाली और अन्य लोकप्रिय व्यंजनों के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा।
हालांकि, विश्वविद्यालय की ओर से जारी सर्कुलर में मूल्य वृद्धि के पीछे कोई विशेष कारण नहीं बताया गया है।
27 जुलाई से शुरू होगा नए छात्रों का इंडक्शन प्रोग्राम
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के Faculty of Engineering and Technology ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले नए छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम की घोषणा कर दी है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, BTech, BSc (Aeronautics), MTech और MSc कार्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्रों का इंडक्शन कार्यक्रम 27 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
सभी नए छात्रों को सुबह 9:30 बजे फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के ऑडिटोरियम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रों को विभागों से संपर्क बनाए रखने की सलाह
विश्वविद्यालय प्रशासन ने BTech प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को आगे की सभी शैक्षणिक जानकारी के लिए Department of Applied Sciences and Humanities से संपर्क में रहने को कहा है।
वहीं BSc (Aeronautics) के छात्रों को अपने विभागीय कार्यालय और MTech तथा MSc के छात्रों को अपने-अपने संबंधित विभागों से नियमित संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें ओरिएंटेशन, कक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी समय पर मिलती रहे।
नई फीस और इंडक्शन कार्यक्रम से जुड़े सभी अपडेट विश्वविद्यालय के आधिकारिक नोटिस के अनुसार लागू होंगे।




Add comment