Edinbox Hindi

भारत में पेशेवरों के लिए नौकरी की तलाश हुई और अधिक कठिन, लिंक्डइन के शोध में हुआ खुलासा

पेशेवरों को ध्यान में रखकर बनी सोशल मीडिया नेटवर्क लिंक्डइन के नए शोध के अनुसार, भारत में बड़ी संख्या में पेशेवर इस साल नई नौकरी की तलाश में हैं, लेकिन यह तलाश अब पहले से कहीं अधिक कठिन हो गई है। दो तिहाई से अधिक (69 प्रतिशत) भारतीय मानव संसाधन पेशेवरों का मानना है कि किसी भूमिका के लिए योग्य प्रतिभाओं को ढूंढना अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। शोध के अनुसार 2025 में पेशेवरों के लिए नौकरी के लिए आवेदन करने और नौकरी पाने के तरीके में कई बदलाव आए हैं।

लिंक्डइन के अनुसार, 49 प्रतिशत नौकरी चाहने वाले पहले से कहीं अधिक नौकरियों के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें प्रतिक्रिया कम मिल रही है। नौकरी देने वालों के लिए भी यह स्थिति चुनौतीपूर्ण है। लिंक्डइन ने बताया है कि एक-चौथाई (27 प्रतिशत) से ज्यादा एचआर पेशेवर आवेदनों की समीक्षा करने में प्रतिदिन 3 से 5 घंटे बिताते हैं और 55 प्रतिशत ने कहा कि उन्हें मिलने वाले नौकरी आवेदनों में आधे से भी कम सभी मानदंडों को पूरा करते हैं।

लिंक्डइन इंडिया की करियर विशेषज्ञ और वरिष्ठ प्रबंध संपादक नीरजिता बनर्जी ने कहा, “बाजार में नौकरी मिलना कठिन हुआ है। शोध के निष्कर्ष  भारतीयों नौकरीपेशा लोगों को नौकरी की तलाश में अधिक सोच-समझकर कदम उठाने के लिए चेता रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “अधिक रणनीतिक और सोच-समझ कर कदम उठाने से आपको चुनौतीपूर्ण नौकरी बाजार में भी नए अवसर और करियर में सार्थक सफलता मिल सकती है।”

यह शोध सेंससवाइड की ओर से 27 नवंबर से 16 दिसंबर, 2024 के बीच 22,010 उत्तरदाताओं के बीच और 28 नवंबर से 18 दिसंबर, 2024 के बीच 8,035 वैश्विक मानव संसाधन पेशेवरों के बीच सर्वे के बाद तैयार की गई है। जहां यह सर्वे किया गया उन देशों में यूके, अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, भारत, स्पेन, ब्राजील, आयरलैंड, नीदरलैंड, सिंगापुर, जापान, स्वीडन, सऊदी अरब, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया और इटली शामिल थे। भारत में 5 में से 3 (60 प्रतिशत) पेशेवरों का कहना है कि वे किसी नए उद्योग या क्षेत्र में काम करने के लिए तैयार हैं, और 39 प्रतिशत ने अवसरों को बढ़ाने के लिए इस वर्ष नए कौशल सीखने की योजना बनाई है।

इसके अलावा, लिंक्डइन की हाल ही में जारी वर्क चेंज रिपोर्ट के अनुसार, एआई कौशल का महत्व बढ़ता रहेगा। भविष्य में यह हर नौकरी के लिए प्रासंगिक हो जाएगा और अधिकांश कार्यों में इसकी जरूरत होगी। लिंक्डइन की इंडिया जॉब्स ऑन द राइज़ रिपोर्ट पिछले तीन सालों में सबसे तेजी से बढ़ने वाली नौकरियों के बारे में जानकारी देती है। इस साल की जॉब्स ऑन द राइज़ की लगभग दो-तिहाई भूमिकाएँ भारत की सूची में नई हैं और इनमें से आधी भूमिकाएं 25 साल पहले मौजूद नहीं थीं। विमान रखरखाव इंजीनियर, रोबॉटिक्स तकनीशियन और क्लोजिंग मैनेजर भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई तीन नौकरियां हैं। इस वर्ष की रैंकिंग ने सुरक्षा-केंद्रित इंजीनियरिंग, यात्रा और व्यक्तिगत सेवा क्षेत्र की भूमिकाओं में भी इजाफे को उजागर किया है। महामारी के बाद भारत के कई हिस्सों में व्यवसाय भी सामान्य हो गया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed