
कक्षा 12 के परिणाम 2025 घोषित हो चुके हैं और अब कॉलेज एडमिशन की दौड़ तेज हो गई है। इंजीनियरिंग में दाखिला लेने वाले स्टूडेंट्स के सामने एक आम लेकिन अहम सवाल यह है: B.Tech कंप्यूटर साइंस (CS) में करें या सूचना प्रौद्योगिकी (IT) में? दोनों ही ब्रांचेस तकनीकी रूप से मजबूत हैं, लेकिन इनमें बुनियादी अंतर हैं, जो करियर को अलग दिशा दे सकते हैं।
कंप्यूटर साइंस (CS) मुख्य रूप से कंप्यूटिंग के थ्योरिटिकल और कोर एरिया पर केंद्रित होती है। इसमें एल्गोरिद्म, डेटा स्ट्रक्चर, प्रोग्रामिंग लैंग्वेजेस, ऑपरेटिंग सिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे विषय शामिल होते हैं। यह ब्रांच उन छात्रों के लिए बेहतर है, जिन्हें कोडिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, सिस्टम डिजाइन और रिसर्च में गहरी रुचि है।
दूसरी ओर, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक ज्यादा एप्लिकेशन-ओरिएंटेड फील्ड है। इसमें नेटवर्किंग, डेटाबेस प्रबंधन, वेब डेवलपमेंट, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी और सॉफ्टवेयर इंटीग्रेशन पर फोकस किया जाता है। आईटी उनके लिए अच्छा विकल्प है जो नेटवर्क, इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट या सिक्योरिटी जैसे प्रैक्टिकल एप्लिकेशन वाले क्षेत्रों में काम करना चाहते हैं।
जहां तक करियर की बात है, CS ग्रेजुएट्स के लिए सॉफ्टवेयर डेवलपर, डेटा साइंटिस्ट, एआई/एमएल इंजीनियर और ब्लॉकचेन डेवलपर जैसी प्रोफाइल्स उपलब्ध होती हैं। वहीं IT स्टूडेंट्स नेटवर्क एडमिन, साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट, क्लाउड आर्किटेक्ट और आईटी कंसल्टेंट जैसे रोल में जाते हैं।
सैलरी की बात करें तो दोनों ब्रांचेस के शुरुआती पैकेज काफी हद तक कॉलेज और छात्र की स्किल्स पर निर्भर करते हैं। कंप्यूटर साइंस से ग्रेजुएट्स को शुरू में 4 से 20 लाख तक का सालाना पैकेज मिल सकता है, खासकर IITs/NITs से पढ़ाई करने पर यह ₹20 लाख से भी ऊपर जा सकता है। वहीं IT स्टूडेंट्स के लिए शुरुआती सैलरी 4 से 15 लाख रुपये सालाना तक हो सकती है।
टॉप रिक्रूटर्स की बात करें तो CS के लिए गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, टीसीएस, इंफोसिस और विप्रो जैसी कंपनियां प्रमुख हैं, जबकि IT प्रोफेशनल्स को एक्सेंचर, HCL, IBM, BSNL, ISRO और Infosys जैसे संस्थानों में अवसर मिलते हैं।
अगर आप रिसर्च, डेवलपमेंट और नए टेक्नोलॉजी ट्रेंड्स जैसे AI/ML, डाटा साइंस में रुचि रखते हैं, तो कंप्यूटर साइंस आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। अगर आप IT इंफ्रास्ट्रक्चर, नेटवर्किंग, सिस्टम मैनेजमेंट जैसी एप्लिकेशन-ओरिएंटेड फील्ड्स में जाना चाहते हैं, तो आईटी आपके लिए उपयुक्त है। दोनों ही ब्रांचेस में करियर के व्यापक अवसर हैं। फैसला करते समय अपने रुचि क्षेत्र, लॉन्ग-टर्म विज़न और स्किल सेट को ध्यान में रखें।
बता दें कि JEE Advanced 2025 के परिणाम 2 जून को जारी कर दिए गए हैं। सफल उम्मीदवार अब अपनी रैंक के आधार पर IITs, NITs, IIITs और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए JoSAA काउंसलिंग 2025 में भाग ले सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 जून से शुरू हो चुकी है।




Add comment