
भारत की जनसांख्यिकीय संपदा — जिसे लंबे समय तक देश की सबसे बड़ी ताक़त माना गया — अब धीरे-धीरे खत्म हो रही है। यह परिवर्तन विदेशों में प्रतिभा पलायन (Brain Drain) से नहीं, बल्कि देश के भीतर ही हो रहा है। एक गंभीर लेकिन कम चर्चित संकट सिर उठा चुका है: कई पीढ़ियों में संज्ञानात्मक (Cognitive) क्षमताओं का क्षरण, जो न सिर्फ व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि भारत के भविष्य को भी खतरे में डाल रहा है।
आज जो देखने को मिल रहा है वह किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है — यह बच्चों, युवाओं, वयस्कों और बुजुर्गों सभी आयु वर्गों में मानसिक और बौद्धिक स्वास्थ्य का गिरता स्तर है। बच्चे परीक्षा की चिंता और प्रदर्शन के दबाव में घुट रहे हैं। वयस्क डिजिटल थकावट (Digital Burnout) के शिकार हो रहे हैं। बुजुर्ग बिना पहचान पाए न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से जूझ रहे हैं।
यह सिर्फ स्वास्थ्य संकट नहीं है — यह राष्ट्रीय उत्पादकता, सामाजिक क्षमता और भविष्य की दिशा से जुड़ा सवाल बन चुका है।
मानसिक दबाव में डूबा बचपन
मेदांता अस्पताल के डॉ. अरुण गर्ग कहते हैं, “अत्यधिक पढ़ाई का दबाव, सामाजिक अलगाव और टेक्नोलॉजी का जरूरत से ज़्यादा उपयोग — यह सब मिलकर युवा दिमागों को निगल रहा है।”
8.7% छात्र तनाव के कारण आत्महत्या के विचार तक पहुंच चुके हैं। आधे से अधिक छात्र कम अंक, नींद की कमी, और चिंता से परेशान हैं।
क्या हम इस ‘मौन महामारी’ को और ज्यादा नज़रअंदाज़ कर सकते हैं?
वयस्क भी नहीं बचे हैं
मध्यम आयु वर्ग के भारतीय ‘उत्पादकता के भ्रमजाल’ (Productivity Paradox) में फंसे हैं।
टेक्नोलॉजी से मिली ‘कनेक्टिविटी’ अब थकावट, तनाव और याददाश्त की समस्याओं का कारण बन रही है।
बुजुर्गों की हालत भी अलग नहीं — हाइपरटेंशन, स्ट्रोक और अल्जाइमर जैसे रोग अब जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों में बदल गए हैं। दुखद बात यह है कि ये तब तक पहचाने नहीं जाते जब तक बहुत देर न हो जाए।
संकट के असली कारण
– प्रोसेस्ड फूड
– प्रदूषित हवा
– बैठे रहने की आदत
– लगातार बना रहने वाला मानसिक तनाव
– मानसिक बीमारियों को लेकर कलंकित सामाजिक सोच
लेकिन सबसे गंभीर तथ्य यह है कि सिर्फ 2% परेशान युवा ही मदद पा पाते हैं। समाज की उदासीनता, इस संकट को और भी गहरा बना रही है।
यह सिर्फ हेल्थ इश्यू नहीं, राष्ट्रीय आपातकाल है
यह केवल मानसिक स्वास्थ्य का विषय नहीं — बल्कि यह शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक आपदा बन चुका है।
जब मस्तिष्क ही हर शिक्षा, काम और निर्णय का केंद्र है, तो अगर हमारी सोच ही कमजोर होती जा रही है, तो हम विकास की दौड़ में कैसे टिक पाएंगे?
समाधान मौजूद हैं — अब सिर्फ इच्छाशक्ति चाहिए
– पर्याप्त नींद
– नियमित व्यायाम
– पौष्टिक आहार
– डिजिटल अनुशासन
– शिक्षा और नीति में सुधार
स्कूलों को प्रशिक्षित काउंसलर्स की जरूरत है।
परिवारों को खुली बातचीत की ज़रूरत है।
नीतियों को GDP से ज़्यादा ‘ब्रेन हेल्थ’ को प्राथमिकता देनी होगी।
असली ब्रेन ड्रेन वो नहीं जो विदेश जाता है, बल्कि वो है जिसे हम अपने ही घरों में नज़रअंदाज़ कर रहे हैं। और यह संकट किसी भी पीढ़ी को नहीं छोड़ रहा। अब वक्त है चेतने का — क्योंकि अगर दिमाग ही थक गए, तो देश कैसे दौड़ेगा?




Add comment