
दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेज़ी से अपनी जगह बना रहा है। कई सेक्टर्स में इसकी वजह से नौकरियां खतरे में हैं। कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं, जहां अभी तो AI का सीधा असर नहीं दिख रहा, लेकिन भविष्य में यहां भी नौकरी जाने का खतरा हो सकता है। हालांकि, ऐसे सेक्टर्स भी मौजूद हैं, जिनमें AI की पकड़ नहीं चल पाएगी। अगर आप इन क्षेत्रों से जुड़ी डिग्रियां हासिल कर लेते हैं, तो आपकी नौकरी सुरक्षित रहेगी। आइए जानते हैं ऐसी 5 डिग्रियों के बारे में, जिनसे जुड़ी नौकरियों को AI नहीं छीन पाएगा।
1. हेल्थकेयर और मेडिसिन
AI डेटा एनालिसिस में मददगार है, लेकिन मरीजों को तुरंत इलाज देना, भावनात्मक सहारा देना और मानवीय जुड़ाव कायम करना इसके लिए संभव नहीं है। यही कारण है कि डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट जैसी नौकरियां सुरक्षित हैं। इसके लिए आपको MBBS, नर्सिंग, फार्मेसी जैसी डिग्रियां हासिल करनी होंगी।
2. एजुकेशन और टीचिंग
शिक्षक केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं होते, वे छात्रों को मार्गदर्शन और भावनात्मक सहारा देकर जीवन की चुनौतियों से जूझने के लिए तैयार करते हैं। AI पढ़ा सकता है, लेकिन इंसानी संवेदनाओं को नहीं समझ सकता। इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए B.Ed. और एजुकेशन से जुड़े कोर्स जरूरी हैं।
3. मेंटल हेल्थ और सोशल वर्क
यह क्षेत्र पूरी तरह भरोसे और मानवीय जुड़ाव पर टिका है। काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य में लोगों की बातें सुनकर उन्हें सही दिशा देना इंसानों का ही काम है। AI इस भूमिका को निभा नहीं सकता। इस क्षेत्र में करियर के लिए आपको साइकोलॉजी या सोशल वर्क में डिग्री हासिल करनी होगी।
4. लॉ और पब्लिक पॉलिसी
कानून और नीतिनिर्माण में केवल रिसर्च नहीं, बल्कि नैतिकता, तर्क, संवेदनशीलता और क्रिएटिव सोच की भी जरूरत होती है। वकील, जज या पॉलिसी मेकर जैसी भूमिकाएं AI से प्रभावित नहीं होंगी। इसके लिए LLB, पब्लिक पॉलिसी जैसे कोर्स अहम हैं।
5. स्किल ट्रेड्स
मैकेनिक, प्लंबर, कारपेंटर जैसे कामों में इंसानी कौशल अनिवार्य है। मशीनें मौजूद हैं, लेकिन इन्हें चलाने और काम को सटीक अंजाम देने के लिए इंसानों की जरूरत पड़ती है। इस कारण स्किल ट्रेड्स की नौकरियां भी AI के प्रभाव से सुरक्षित हैं।
इन डिग्रियों को हासिल करके आप ऐसे क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं, जहां AI का असर सीमित रहेगा और नौकरी का खतरा नहीं होगा।




Add comment