
भारतीय छात्रों में इंजीनियरिंग की पढ़ाई को लेकर हमेशा जबरदस्त क्रेज रहा है। हर साल लाखों छात्र B.Tech और अन्य इंजीनियरिंग डिग्री के लिए विदेश का रुख करते हैं। ऐसे में जर्मनी एक बेहतरीन विकल्प साबित होता है, क्योंकि यहां की सरकारी यूनिवर्सिटीज में ट्यूशन फीस नहीं ली जाती। केवल मामूली एडमिनिस्ट्रेटिव फीस (130 से 550 यूरो तक) देकर छात्र वर्ल्ड-क्लास एजुकेशन हासिल कर सकते हैं।
अगर आप भी विदेश में कम खर्च में इंजीनियरिंग पढ़ना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं जर्मनी की टॉप 10 यूनिवर्सिटीज, जो आपको बेहतरीन पढ़ाई और शानदार करियर अवसर प्रदान कर सकती हैं।
1. Technical University of Munich (TUM)
यूरोप की टॉप टेक्निकल यूनिवर्सिटीज में शुमार TUM, साइंस और टेक्नोलॉजी की पढ़ाई के लिए बेस्ट मानी जाती है। यह TU9 ग्रुप का हिस्सा है और यहां अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम्स के लिए कोई ट्यूशन फीस नहीं ली जाती।
2. RWTH Aachen University
जर्मनी की सबसे बड़ी और मशहूर टेक्निकल यूनिवर्सिटीज में से एक। खासतौर पर मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए इसे सबसे बेहतर माना जाता है। यहां अधिकांश कोर्स अंग्रेजी में पढ़ाए जाते हैं। यह भी TU9 का हिस्सा है।
3. Karlsruhe Institute of Technology (KIT)
KIT यूनिवर्सिटी और रिसर्च सेंटर के मेल से बना है। नेचुरल साइंस और इंजीनियरिंग के लिए यह टॉप संस्थान है। यहां आप कई तरह की इंजीनियरिंग डिग्री हासिल कर सकते हैं। यह भी TU9 का सदस्य है।
4. Technical University of Berlin
राजधानी बर्लिन स्थित यह यूनिवर्सिटी इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी दोनों फील्ड्स में बेहतरीन मानी जाती है। यहां कई प्रोग्राम अंग्रेजी में उपलब्ध हैं और स्टूडेंट्स को आसानी से जॉब मिलने के अवसर भी रहते हैं।
5. University of Stuttgart
कम खर्च में इंजीनियरिंग पढ़ाई के लिए यह एक शानदार विकल्प है। यह भी TU9 का हिस्सा है और यहां मैकेनिकल, सिविल और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग जैसे कोर्स लोकप्रिय हैं।
6. Technical University of Dresden
जर्मनी का सबसे बड़ा टेक्निकल संस्थान माना जाने वाला TU Dresden, खासतौर पर माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स रिसर्च के लिए प्रसिद्ध है। यहां कई इंजीनियरिंग ब्रांच उपलब्ध हैं और अधिकतर कोर्स अंग्रेजी में कराए जाते हैं।
7. Darmstadt University of Technology
कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मेक्ट्रोनिक्स के लिए यह यूनिवर्सिटी जानी जाती है। इसे इनोवेशन का हब कहा जाता है और यहां का एलुमनाई नेटवर्क भी मजबूत है, जिससे जॉब पाने के अवसर बढ़ जाते हैं।
8. Leibniz University Hannover
जर्मनी के पुराने और प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक। यहां मैकेनिकल और सिविल इंजीनियरिंग कोर्सेज काफी लोकप्रिय हैं। इंडस्ट्री से अच्छे संबंध होने के कारण छात्रों को प्लेसमेंट में मदद मिलती है।
9. Friedrich-Alexander University of Erlangen-Nürnberg
यह यूनिवर्सिटी भी इंजीनियरिंग के लिए अच्छा विकल्प है। यहां मेडिकल इंजीनियरिंग, सिविल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग पढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं।
10. University of Hamburg
भले ही यह टेक्निकल यूनिवर्सिटी नहीं है, लेकिन यहां सिविल, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस जैसे कोर्स पढ़ाए जाते हैं। जर्मनी की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटीज में से एक होने के कारण यहां पढ़ाई का दायरा भी काफी बड़ा है और ज्यादातर कोर्स बिना ट्यूशन फीस के उपलब्ध हैं।
अगर आप विदेश में इंजीनियरिंग करने की सोच रहे हैं, तो जर्मनी आपके लिए एक कम खर्चीला और बेहतरीन विकल्प हो सकता है।




Add comment