
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) ने कहा है कि आर्टिफिशियस इंटेलिजेंस (एआई) यानी कृत्रिम बुद्धिमता (AI) अंततः सभी नौकरियों को खत्म कर देगी, लेकिन उनका मानना है कि यह जरूरी नहीं कि यह एक बुरा विकास हो।
पेरिस में एक स्टार्टअप और टेक कार्यक्रम वीवा टेक इवेंट में वेबकैम के माध्यम से बोलते हुए मस्क ने कहा कि शायद हम में से किसी के पास नौकरी नहीं होगी। एलन मस्क ने भविष्यवाणी की कि भविष्य की नौकरियां वैकल्पिक’ होंगी। उन्होंने कहा कि अगर आप ऐसी नौकरी करना चाहते हैं जो एक शौक की तरह हो, तो आप नौकरी कर सकते हैं। अन्यथा, एआई और रोबोट आपको कोई भी सामान और सेवाएं प्रदान करेंगे जो आप चाहते हैं।
मस्क ने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस परिदृश्य के सफल होने के लिए ‘यूनिवर्सल हाई इनकम’ की आवश्यकता होगी, जिसे यूनिवर्सल बेसिक इनकम के साथ भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए, हालांकि, उन्होंने इस अवधारणा के बारे में अधिक विस्तार से नहीं बताया। यूनिवर्सल बेसिक इनकम (यूबीआई) से तात्पर्य है कि सरकार हर किसी को उनकी कमाई की परवाह किए बिना एक निश्चित राशि प्रदान करती है।
मस्क ने कहा कि वस्तुओं या सेवाओं की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले कुछ वर्षों में एआई क्षमताएं तेजी से आगे बढ़ी हैं, इतनी तेजी से आगे बढ़ रही हैं कि नियामक, कंपनियां और उपयोगकर्ता अभी भी यह पता लगा रहे हैं कि प्रौद्योगिकी का जिम्मेदारी से उपयोग कैसे किया जाए।
मस्क ने पहले भी एआई को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं, अपने ताज़ा मुख्य भाषण के दौरान भी उन्होंने टेक्नोलॉजी को अपना सबसे बड़ा डर बताया। मस्क ने सवाल किया कि क्या लोग भविष्य में नौकरियों के बिना भावनात्मक रूप से पूर्ण महसूस करेंगे। सवाल वास्तव में अर्थ का होगा – यदि कंप्यूटर और रोबोट हर काम आपसे बेहतर कर सकते हैं, तो क्या आपके जीवन का कोई अर्थ है?




Add comment