
KVS Admission 2024: केंद्रीय विद्यालय संगठन यानी केवीएस (KVS) में नए सत्र के लिए 1 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गयी है। केवीएस की आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर जाकर कक्षा 1 में प्रवेश के इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसी वेबसाइट पर आवेदन करने से जुडी सारी जानकारियां भी उपलब्ध हैं। गौरतलब है कि कक्षा 1 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना है जबकि अन्य कक्षाओं में प्रवेश के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन लिए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए लिंक केवीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर 15 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा। कक्षा 2 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए ऑफ़लाइन पंजीकरण भी आज से शुरू हो गए हैं और 10 अप्रैल को समाप्त होंगे।
केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 1 में प्रवेश के लिए 31 मार्च ,2024 तक छात्र की न्यूनतम आयु 6 वर्ष होनी चाहिए। एडमिशन की अधिकतम आयु 8 वर्ष है। पहली कक्षा में एडमिशन के लिए विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आयु सीमा में दो वर्ष की छूट है। अभिभावक अपने बच्चे के प्रवेश दिलाने के लिए केवल एक ही आवेदन जमा कर सकेंगे। एक बच्चे के लिए यदि एक से अधिक फॉर्म जमा किए जाते हैं, तो प्रवेश के लिए केवल अंतिम आवेदन पत्र पर विचार किया जाएगा।
वहीं 11वीं कक्षा में एडमिशन के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं है। छात्र को उसी वर्ष एडमिशन लेना होगा जिस वर्ष उसने दसवीं की बोर्ड परीक्षा पास की हो। 12वीं में एडमिशन के लिए 11वीं की पढ़ाई के बाद कोई गैप नहीं होना चाहिए। कक्षा 11वीं के अलावा सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया के पूर्ण होने की अंतिम तारीख 29 जून है।
बता दें कि केंद्रीय विद्यालय में दूसरी कक्षा से आठवीं कक्षा तक एडमिशन प्रायोरिटी कैटेगरी और ऑफलाइन लॉटरी सिस्टम के आधार पर किया जाता है। एडमिशन के लिए कोई परीक्षा नहीं ली जाती है। केंद्रीय विद्यालय की कुल संख्या 1254 है। केवीएस में प्रवेश के लिए आरक्षण कोटा का पालन किया जाता है, जिसमें 15 प्रतिशत सीटें एससी के लिए, 7.5 प्रतिशत एसटी के लिए और 27 प्रतिशत ओबीसी श्रेणियों के लिए आरक्षित हैं।
आवेदन के दौरान जिन डॉक्यूमेंट्स की जरूरत पड़ेगी, उनमें बच्चे का मूल जन्म प्रमाण पत्र, एससी/एसटी/ओबीसी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), आवासीय प्रमाण पत्र, बच्चे के माता/पिता का सेवा प्रमाण पत्र, दो फोटोग्राफ शामिल हैं।




Add comment