Edinbox Hindi

विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्र देश के ब्रांड एम्बेसडर, बोले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि न्यू इंडिया को आज ‘अवसरों की भूमि’ के रूप में पहचाना जा रहा है, जहां हर क्षेत्र में तेजी से सुधार हो रहे हैं। उज्बेकिस्तान के समरकंद मेडिकल यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कई नए अवसर पैदा किए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना में निजी और सरकारी अस्पतालों की भागीदारी से एफएमजी (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट) डॉक्टरों को अनुभव प्राप्त करने और देश की सेवा करने का शानदार अवसर मिल रहा है। साथ ही, मेडिकल शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में हो रहे तेज विकास से छात्रों के लिए बेहतर करियर विकल्प उपलब्ध हो रहे हैं।

भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रतिनिधि हैं छात्र
लोकसभा अध्यक्ष ने विदेशों में पढ़ने वाले छात्रों को भारतीय मूल्यों और संस्कृति का दूत बताया। उन्होंने कहा कि ये छात्र अपने व्यवहार और कार्यों से भारत की सकारात्मक छवि पेश कर रहे हैं और भारत-उज्बेकिस्तान संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

भारत को हर भारतीय की चिंता है
बिरला ने कहा कि भारत दुनिया में कहीं भी रहने वाले भारतीयों की परवाह करता है। ‘मदद पोर्टल’ और भारतीय दूतावासों के माध्यम से सरकार छात्रों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने छात्रों से भारतीय डॉक्टरों की अच्छी छवि बनाए रखने और वैश्विक स्तर पर भारतीय चिकित्सा की पहचान को मजबूत करने का आग्रह किया।

प्रवासी भारतीयों की सराहना
लोकसभा अध्यक्ष ने उज्बेकिस्तान में बसे प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की और उनके भारत के प्रति प्रेम और योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत आज सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और प्रवासी भारतीय निवेश और नवाचार के माध्यम से इसमें सक्रिय भागीदार बन सकते हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से ‘विकसित भारत अभियान’ से जुड़ने का आह्वान किया।

भारत-जॉर्जिया सहयोग पर महत्वपूर्ण वार्ता
ताशकंद में अंतर-संसदीय संघ (IPU) की 150वीं बैठक के दौरान बिरला ने जॉर्जिया के संसद अध्यक्ष शाल्वा पापुआश्विली से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, पर्यटन, नवाचार और डिजिटल सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा की और द्विपक्षीय संबंधों को और सशक्त करने की प्रतिबद्धता जताई।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed