
जम्मू और कश्मीर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (JKBOSE) ने कक्षा 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (jkbose.nic.in.) पर जाकर अपने नतीजे देख और डाउलनोड कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और नाम दर्ज करना होगा।
इस वर्ष पूरे जम्मू-कश्मीर से 1,46,136 विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं की परीक्षा दी थी, जिनमें 1,15,816 विद्यार्थी पास हुए हैं। इस बार दसवीं का परीक्षा परिणाम 79.25 प्रतिशत रहा है। हर बार की तरह इस बार भी दसवीं कक्षा में लड़कों के मुकाबले लड़कियों का पास प्रतिशत अधिक रहा है।लड़कों का पास प्रतिशत जहां 77.33 प्रतिशत रहा तो वहीं लड़कियाें का 81.10 पास प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में 71741 लड़के जबकि 74395 लड़कियां बैठी थीं जिनमें 55479 लड़के और 60337 लड़कियां पास हुईं।
पिछले कुछ वर्षों से जम्मू कश्मीर शिक्षा बोर्ड दसवीं कक्षा में ग्रेड सिस्टम के आधार पर परिणाम घोषित कर रहा है। इस बार 14115 बच्चों ने ए1 ग्रेड हासिल किया है। वहीं 17471 बच्चों ने ए2 ग्रेड हासिल किया है। वहीं इस परीक्षा में 30218 छात्रों ने ई1 व ई2 ग्रेड हासिल किए हैं।
जम्मू और कश्मीर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन प्रो. परीक्षित सिंह मन्हास ने बताया कि ए वन से लेकर डी ग्रेड प्राप्त करने वाले बच्चे ग्यारहवीं कक्षा में चले जाएंगे जबकि ई वन व ई टू प्राप्त करने वाले बच्चों को अपने परिणाम में सुधार करना होगा।
उन्हें भी ग्यारहवीं कक्षा में अस्थायी दाखिला मिल जाएगा लेकिन अर्ध वार्षिक परीक्षा में अपने परिणाम में सुधार करने का मौका मिलेगा। अगर वे बच्चे अर्ध वार्षिक परीक्षा में भी अपने परिणाम में सुधार नहीं करेंगे तो उनका अस्थायी दाखिला रद्द कर दिया जाएगा।




Add comment