
यूपी में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 24 जून तक के लिए बढ़ा दी गई हैं। वहीं, बच्चों के लिए स्कूल 28 जून तक बंद रहेंगे। भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षक संगठनों ने गर्मी की छुट्टियां बढ़ाने की मांग की थी। उक्त जानकारी महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने दी है।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है जिससे लोगों का हाल-बेहाल है। प्रदेश में तेज धूप और लू के कहर से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। ऐसे में बच्चों का स्कूल जाना काफी मुश्किल होगा। इसी को देखते हुए परिषदीय स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां बढ़ा दी गई है। अब स्कूलों में 24 जून तक छुट्टियां रहेगी। वहीं, बच्चों के लिए स्कूल 28 जून तक बंद रहेंगे।
गौरतलब है की प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री व प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा को भेजे पत्र में कहा था कि पूरा प्रदेश भीषण गर्मी व लू से तप रहा है। ऐसे में विद्यालयों को 18 जून से खोलना हितकर नहीं होगा। वहीं शिक्षकों की परस्पर तबादले की प्रक्रिया भी चल रही है। इसे देखते हुए परिषदीय विद्यालयों में गर्मी की छुट्टियां 30 जून तक की जाएं।
उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा को भेजे पत्र में कहा है कि वर्तमान में प्रदेश भर में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों का ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ाया जाए।




Add comment