
कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित देश के बेहद प्रतिष्ठित पत्रकारिता स्कूल, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया (IIJNM) ने 24 वर्षों के बाद अब नए एडमिशन बंद करने का फैसला किया है। यह निर्णय उसे मजबूरी में उठाना पड़ा है क्योंकि अब छात्रों की उसके स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम में रुचि नहीं रही। जी हां, यह बात बिलकुल सच है। IIJNM ने छात्रों की घटती रुचि के कारण ही 24 वर्षों के बाद इसे बंद करने का निर्णय ले लिया है।
कभी अपने असाधारण पत्रकारिता कार्यक्रमों के लिए मशहूर रहे इस संस्थान, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया (IIJNM) को आवेदकों की उचित संख्या बनाए रखने में संघर्ष करना पड़ रहा था, जिसकी वजह से उसे काफी वित्तीय घाटा भी हुआ। और अंततः इससे उबरने के लिए इसे बंद करने का निर्णय ले लिया गया।
उक्त जानकारी संस्थान द्वारा 2024-25 शैक्षणिक वर्ष के लिए संभावित छात्रों को भेजे गएके एक ईमेल से मिली है जिसमें कहा गया है कि आईआईजेएनएम ने प्रिंट, टेलीविजन और मल्टीमीडिया पत्रकारिता में विशेष कार्यक्रम पेश किए थे, लेकिन वर्तमान परिचालन परिवेश ने इन कार्यक्रमों को जारी रखना कठिन बना दिया है।
ईमेल में IIJNM के प्रबंधन ने एडमिशन बंद करने पर खेद व्यक्त करते हुए लिखा है कि “भारतीय पत्रकारिता और न्यू मीडिया संस्थान (IIJNM) के प्रबंधन को आपको यह सूचित करते हुए खेद है कि हम अब पत्रकारिता में कार्यक्रम पेश नहीं करेंगे। यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि इस वर्ष अब तक आवेदकों की संख्या व्यवहार्य कार्यक्रम के लिए आवश्यक संख्या से बहुत कम है।”
ईमेल में आगे कहा गया: “पिछले 24 वर्षों में, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया (IIJNM) पत्रकारिता पेशे में उत्कृष्टता का विद्यालय रहा है जो भारत के कॉलेजों में सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम प्रदान करता है। हालाँकि, जिस हाल के माहौल में हम काम कर रहे हैं, उसे देखते हुए, कार्यक्रम को जारी रखने के लिए भारी वित्तीय नुकसान से बचने के लिए पर्याप्त छात्रों को आकर्षित करना संभव नहीं है।”
संस्थान ने आगे कहा, “एक बार फिर, हमें यह निर्णय लेने का अफसोस है जो हमारे लिए बेहद दर्दनाक रहा है।” संस्थान ने चयनित अभ्यर्थियों को बैंकिंग विवरण उपलब्ध कराने पर 10 दिनों के भीतर उनकी प्रवेश फीस वापस करने का आश्वासन दिया है।




Add comment