
नीट (NEET UG 2024) और यूजीसी नेट (UGC NET) एग्जाम को लेकर मचे बवाल के बीच अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) ने सीएसआईआर-यूजीसी-नेट (CSIR-UGC-NET) परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है। एजेंसी ने इसके पीछे लॉजिस्टिक के मुद्दे को वजह बताया है। गौरतलब है कि यह परीक्षा 25 जून से 27 जून के बीच होनी थी।
पहले नीट, फिर एनसीईटी, फिर यूजीसी नेट… और अब सीएसआईआर-यूजीसी-नेट। एक ही महीने में ये चौथी बार है जब देश की सबसे बड़ी परीक्षा एजेंसी सफल तरीके से एक एग्जाम करा पाने में असमर्थ साबित हुई है। परीक्षा से महज चार दिन पहले NTA ने नोटिस जारी कर दिया कि CSIR UGC NET Exam 2024 स्थगित किया जा रहा है। एनटीए ने कहा कि कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों और संचालन से जुड़े मुद्दों के कारण इस परीक्षा को स्थगित किया जा रहा है। परीक्षा का संशोधित शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.ac.in के जरिए जारी किया जाएगा।
बता दें कि सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा है. इसके ज़रिए जूनियर रिसर्च फेलो और लेक्चरशिप और असिस्टेंट लेक्चरशिप के लिए योग्य अभ्यर्थी चुने जाते हैं। काउंसिल ऑफ़ साइंटिफ़िक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च और यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन मिलकर इस परीक्षा को एनटीए के सहयोग से आयोजित करते हैं।
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय ने हाल ही में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित कराई गई यूजीसी-नेट परीक्षा को रद्द करने का एलान किया था। परीक्षा आयोजित होने के एक दिन बाद ही सरकार ने परीक्षा रद्द करने का एलान कर सभी को चौंका दिया था। एनटीए द्वारा कराई जाने वाली नीट की मेडिकल एंट्रेस परीक्षा पहले ही सवालों के घेरे में है और फिलहाल सुप्रीम कोर्ट इसकी समीक्षा कर रहा है। अब सीएसआईआर-यूजीसी-नेट की परीक्षा स्थगित होने से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।




Add comment