Edinbox Hindi

माखनलाल चतुर्वेदी समेत देशभर की 157 यूनिवर्सिटी डिफाल्टर घोषित 

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी (UGC) ने भोपाल के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय समेत देशभर की 157 यूनिवर्सिटी को डिफॉल्टर घोषित कर दिया है। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन द्वारा डिफॉल्टर घोषित यूनिवर्सिटी में 108 सरकारी यूनिवर्सिटी 47 प्राइवेट यूनिवर्सिटी और दो डीम्ड यूनिवर्सिटी शामिल हैं। इनमें मध्य प्रदेश के 7 सरकारी विश्वविद्यालय भी शामिल हैं। 

यूजीसी के मुताबिक, इन सभी यूनिवर्सिटीज ने लोकपाल नियुक्त नहीं किया, जिसके चलते इन्हें डिफाल्टर यूनिवर्सिटी के कैटेगरी में शामिल किया गया है। विदित है कि हर विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (छात्रों की शिकायतों का निवारण) विनियम, 2023 के अनुसार एक लोकपाल नियुक्त करना होता है। यूनिवर्सिटी लोकपाल यानी ओम्बड्समैन, वह व्यक्ति होता है जो छात्रों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान निकालने का काम करता है। लोकपाल के पद पर नियुक्ति सेवानिवृत्त वाइस चांसलर, 10 सालों के अनुभव वाले सेवानिवृत्त प्रोफेसर या पूर्व जिला जज को ही मिलती है। यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, डिफॉल्टिंग विश्वविद्यालय यूजीसी विनियमों के अनुसार लोकपाल की नियुक्ति कर सकते हैं और उसकी मेल आईडी पर आयोग को इसकी सूचना दे सकते हैं। 

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा जारी डिफाल्टर की सूची में आंध्र प्रदेश की 4, बिहार की 3, छत्तीसगढ़ की 5, दिल्ली की 1, गुजरात की 4, हरियाणा की 2, जम्मू कश्मीर की 1 झारखंड की 4, कर्नाटक की 13, केरल की 1, महाराष्ट्र की 7 मणिपुर की 2, मेघालय की 1, ओडिशा की 11, पंजाब की 2, राजस्थान की 7, सिक्किम की 1, तेलंगाना की 1, तमिलनाडु की 3, उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड की 4, पश्चिम बंगाल की 14 सरकारी यूनिवर्सिटी डिफाल्टर घोषित की गई हैं। प्राइवेट यूनिवर्सिटी में आंध्र प्रदेश में 2, बिहार में 2, गोवा की 1, गुजरात की 6, हरियाणा की 1, हिमाचल प्रदेश की 1, झारखंड की 1, कर्नाटक की 3, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 2, राजस्थान की 7, सिक्किम की 2, तमिलनाडु की 1, त्रिपुरा की 3, यूपी की 4, उत्तराखंड की 2 और दिल्ली की 2 यूनिवर्सिटी को डिफाल्टर घोषित किया है।

मध्य प्रदेश के जिन सात विश्वविद्यालयों को डिफाल्टर घोषित किया गया है, उनमें माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (भोपाल), राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (भोपाल), जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय (जबलपुर), मध्य प्रदेश मेडिकल साइंस विश्वविद्यालय (जबलपुर), नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विवि (जबलपुर), राजा मानसिंह तोमर म्यूजिक एंड आर्ट्स विवि (ग्वालियर) और राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय (ग्वालियर) शामिल हैं। इसके अलावा यूपी के किंग जार्ज यूनिवर्सटी ऑफ डेंटल साइंस (KGMU) का भी नाम है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed