Edinbox Hindi

अब UPPCS J परीक्षा में गड़बड़ी का हुआ खुलासा, बदली गई थीं 50 कॉपियां

नीट यूजी (NEET UG 2024) और यूजीसी नेट (UGC NET) परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद अब यूपी पीसीएस-जे मेंस (UPPCS J Mains) में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है।एक अभ्यर्थी के हाईकोर्ट पहुंचने के बाद हुई जांच में खुलासा हुआ है कि इस परीक्षा में एक नहीं बल्कि 50 कॉपियां बदली गई थीं। इस मामले में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पांच अधिकारियों को दोषी करार देते हुए तीन को निलंबित कर दिया है। पर्यवेक्षणीय अधिकारी उपसचिव सतीशचंद्र मिश्र के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है, जबकि एक रिटायर्ड महिला अधिकारी के खिलाफ शासन से अनुमति मांगी गयी है।

गौरतलब है कि कॉपी बदले जाने के सनसनीखेज आरोपों पर हाईकोर्ट ने आयोग से जवाब-तलब किया था। इसके बाद कराई गई जांच में खुलासा हुआ कि एक नहीं, 25-25 कॉपियों के दो बंडल (कुल 50 कॉपियां) बदले गए हैं। इस पर आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत के निर्देश पर अनुभाग अधिकारी शिवशंकर, समीक्षा अधिकारी नीलम शुक्ला और सहायक समीक्षा अधिकारी भगवती देवी को निलंबित कर दिया गया। पर्यवेक्षणीय अधिकारी उपसचिव मिश्र के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई। उन्हें आरोप पत्र जारी किया जाएगा। सेवानिवृत्त हो चुकीं सहायक समीक्षा अधिकारी चंद्रकला को भी दोषी पाया गया है, लेकिन सेवानिवृत्त कर्मचारी के खिलाफ आयोग सीधे कार्रवाई नहीं कर सकता। सो, नियम 351-ए के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। 

जांच में कॉपियों के बदले जाने के खुलासे से परीक्षा का परिणाम भी प्रभावित हो सकता है। फिलहाल, अभी इसकी जांच चल रही है। पीसीएस-जे परीक्षा-2022 के तहत 302 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया था, जिन्हें नियुक्ति भी मिल चुकी है। परिणाम प्रभावित होता है तो आयोग को कुछ नए अभ्यर्थियों के इंटरव्यू अलग से कराने पड़ सकते हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed