
राजस्थान के कोटा में एक और छात्र की सुसाइड का मामला सामने आया है। कोटा में जेईई परीक्षा की तैयारी कर रहे बिहार के नालंदा जिले के छात्र संदीप कुमार कुर्मी ने छत के पंखे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। छात्र महावीर नगर में एक पीजी कमरे में रहता था। पुलिस ने बताया कि इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई की तैयारी कर रहे 16 साल के छात्र ने देर रात अपने कमरे के अंदर छत के पंखे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
मकान मालिक के अनुसार संदीप रात को मैस से खाना खाकर आया था। इसके बाद वो अपने कमरे में चला गया। जब सुबह दूसरी मंजिल पर रहने वाले उसके दोस्तों ने कई बार छात्र का दरवाजा खटखटाया, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने महावीर नगर थाने की पुलिस और उसके छोटे भाई को सूचित किया जो एनईईटी की तैयारी कर रहा है, लेकिन कोटा में एक अलग इलाके में रह रहा है।
पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के कमरे का दरवाजा तोड़कर उसका शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, जिस पीजी में संदीप रह रहा था, वहां सीलिंग फैन पर कोई आत्महत्या रोधी उपकरण (एंटी हैंगिंग डिवाइस) नहीं लगा था। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। उसके माता-पिता को सूचित किया गया है। मकान मालिक ने बताया कि एक दिन पहले मृतक छात्र के चाचा ने उसके खाते में रुपए भी डलवाए थे।
संदीप कुमार कुर्मी पिछले दो सालों से कोटा में जेईई परीक्षा के लिए कोचिंग में पढ़ाई कर रहा था। इस साल कोटा में आत्महत्या का ये 13वां मामला है। बता दें कि, पिछले साल कोटा में 27 छात्रों ने आत्महत्या की थी।




Add comment