
इजराइली सेना द्वारा लगातार दो दिन गाज़ा के दो अलग-अलग स्कूलों पर किये गए हवाई हमले में 20 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। शनिवार को पहला हमला जहां हुआ, वह स्कूल संयुक्त राष्ट्र (UN) का था, जिसमें शरणार्थियों को रखा गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इज़राइली सेना ने पहले स्कूल को चारों ओर से घेर लिया और फिर हमला किया।
इजराइली हमले से स्कूल की इमारत ढह गई, जिसमें वहां रह रहे बच्चे दब गए। स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुटे और कई बच्चों को बचाया। हालांकि हमले में कई बच्चे मौत का भी शिकार हुए। संयुक्त राष्ट्र की बचाव टीम के अनुसार, पिछले महीने भी इज़राइली सेना ने एक स्कूल को निशाना बनाया था। पहले इस स्कूल को एक सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया था, लेकिन अब इसे आतंकवादियों का ठिकाना बताया गया है।
फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मरने वालों में ज्यादातर बच्चे और महिलाएं हैं। 50 घायल लोगों का इलाज चल रहा है। हमले से बचने के लिए सैकड़ों शरणार्थी स्कूल के आसपास के क्षेत्र से पलायन कर चुके हैं।
वहीं, रविवार को भी इजराइली सेना ने तमाम आलोचनाओं को दरकिनार कर एक और स्कूल पर हमला किया जिसमें 4 लोग मारे गए। इस तरह लगातार दो दिनों में दो स्कूलों पर हमले में 20 लोग मारे गए पिछले महीने के हमले में भी 40 से अधिक लोग मारे गए थे और दर्जनों घायल हुए थे। इजराइल और हमास के बीच पिछले 9 महीनों से युद्ध जारी है, जिसमें अब तक 38 हजार फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है, जिनमें 14,500 बच्चे शामिल हैं।




Add comment