
दिल्ली एनसीआर स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में छात्रों को बिना प्रमाण पत्र के खाली डिग्री फ़ोल्डर थमा दिया गया। सोशल मीडिया पर यह खबर इस वक़्त सुर्ख़ियों में छाई हुई है। इतना ही नहीं, इससे सम्बंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (X) पर चर्चा का विषय बना हुआ है जिसमें छात्रों के माता-पिता इस मामले पर बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि 6 जुलाई, 2024 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह में भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. राजेश एस गोखले और न्यूज चैनल आजतक की प्रबंध संपादक अंजना ओम कश्यप भी मौजूद थीं। बताया गया कि क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के दिल्ली एनसीआर कैंपस ने अपने 4थे दीक्षांत समारोह में 1010 छात्रों को स्नातक की उपाधि प्रदान की। लेकिन सोशल मीडिया पर अब इसी उपाधि को लेकर कहा जा रहा है कि छात्रों को बिना प्रमाण पत्र के खाली डिग्री फ़ोल्डर थमा दिया गया।
लॉ मीम सोसाइटी (@LawMemeSociety) नाम के एक X अकाउंट से पोस्ट किया गया, “कॉलेज द्वारा छात्रों को डिग्री प्रमाणपत्र के बजाय खाली फ़ोल्डर सौंपे जाने के कारण माता-पिता और शिक्षकों के बीच भारी लड़ाई हुई। एक अधिकारी ने कहा, डिग्री प्रमाणपत्र बाद में परीक्षा कार्यालय से ले लेना।”
सुप्रीम कोर्ट के वकील शशांक शेखर झा (@shashank_ssj) द्वारा पोस्ट किए गए एक अन्य ट्वीट में, यह आरोप लगाया गया है कि समारोह में देर से आने के लिए माता-पिता को दंडित किया गया और जुर्माना लगाया गया।
“यह दिल्ली का क्राइस्ट यूनिवर्सिटी है। छात्रों को दीक्षांत समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था। 5 मिनट देर से आने पर अभिभावकों को दंडित किया गया। @CHRIST_NCR दीक्षांत समारोह में छात्रों को बिना डिग्री के खाली फ़ोल्डर दिए गए। यदि आप समय पर डिग्री नहीं दे सकते, तो रोब के लिए शुल्क क्यों लें और देरी के लिए जुर्माना क्यों लें?”
“ये क्या बदतमीजी है,” वीडियो में एक अभिभावक को यह कहते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य अभिभावक कह रहे हैं, “क्या यह कॉलेज है? हम 7 बजे आए थे।” अभिभावक स्थिति को लेकर भ्रमित लग रहे थे और अपने बच्चों को बिना डिग्री प्रमाणपत्र के खाली फ़ोल्डर मिलने से चिंतित थे।
बता दें कि डीम्ड यूनिवर्सिटी, क्राइस्ट दिल्ली एनसीआर, गाजियाबाद में स्थित है और स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी) और डॉक्टरेट कार्यक्रमों में प्रवेश प्रदान करता है। विश्वविद्यालय में विभिन्न स्कूल जैसे स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज, कॉमर्स, फाइनेंस एंड अकाउंटेंसी, लॉ, साइंसेज और सोशल साइंसेज शामिल हैं।




Add comment