
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने कक्षा 6 के लिए नई पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन को लेकर चल रही भ्रामक खबरों को खारिज कर दिया है। एनसीईआरटी ने कहा है कि कक्षा 6 की पाठ्यपुस्तकें “जुलाई 2024 के भीतर” उपलब्ध करा दी जाएंगी।
एनसीईआरटी ने बाकायदा नई पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है और साथ ही संशोधित पाठ्यक्रम के बारे में “तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक” समाचारों पर भी एडवाजरी जारी की गई है। बता दें कि ऐसी ख़बरें आ रही थीं जिसमें दावा किया गया था कि एनसीईआरटी की कक्षा 6 की पाठ्यपुस्तकें छात्रों तक पहुंचने में 2 महीने और लगेंगे।
यह स्पष्टीकरण उस रिपोर्ट के बीच आया है जिसमें दावा किया गया है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के स्कूलों में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पाठ्यपुस्तकों की अनुपलब्धता को लेकर भ्रम की स्थिति है। एनसीईआरटी ने शुरू में इस साल कक्षा 3 और 6 के लिए एनसीएफ 2023 पर आधारित नई पाठ्यपुस्तकें जारी करने का लक्ष्य रखा था। कक्षा 3 की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध हैं, जबकि राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ) और नई शिक्षा नीति 2020 पर आधारित कक्षा 6 की पाठ्यपुस्तकों में देरी हुई है।
एनसीईआरटी ने कहा है, “जुलाई 2024 के भीतर NCERT द्वारा ग्रेड 6 की सभी पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएंगी। 2 महीने की जो समय-सीमा बताई जा रही है, वह गलत है। शिक्षकों और छात्रों को अनुभवात्मक शिक्षण दृष्टिकोण के तहत व्यावहारिक अनुभव के लिए पर्याप्त समय प्रदान करने और पुराने से नए पाठ्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों दोनों के लिए सहज संक्रमण सुनिश्चित करने के लिए, NCERT ने ग्रेड 6 के लिए सभी 10 विषय क्षेत्रों में एक महीने का ब्रिज प्रोग्राम पहले ही उपलब्ध करा दिया है, जिसका उपयोग वर्तमान में शिक्षण के लिए किया जा रहा है।”




Add comment