Edinbox Hindi

IRS अधिकारी ने बदला लिंग और नाम, मिस अनुसूया से बने मिस्टर अनुकाथिर सूर्या

हैदराबाद में तैनात भारतीय रेवन्यू सर्विस (आईआरएस) की एक महिला अधिकारी ने अपना नाम और जेंडर बदल लिया। अब वह मिस से मिस्टर बन गई हैं। सिविल सर्विसेज के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। दरअसल, 35 साल की महिला अधिकारी एम अनुसूया ने अपना जेंडर चेंज करवाने के बाद अपना नया नाम  अनुकाथिर सूर्या एम रख लिया है।

बाकायदा उन्होंने ऑफिशियल रिकॉर्ड में भी अपना नाम और जेंडर बदलने के लिए वित्त मंत्रालय को लिखा। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी को नाम और लिंग बदलने की अपील को मंजूरी दे दी। इसके साथ अब से सभी सरकारी कागजातों में भी उनका नाम अनुकाथिर सूर्या एम के तौर पर जाना जाएगा। सिविल सर्विस के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि अधिकारी के अनुरोध पर विचार किया गया और उसे मंजूरी दे दी गई है। अब से इस अधिकारी को सभी आधिकारिक दस्तावेजों में श्री एम अनुकाथिर सूर्या के रूप में मान्यता दी जाएगी।

मदुरै के रहने वाले अनुकाथिर सूर्या एम (नया नाम) 2013 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं। उन्होंने 11 साल की नौकरी के बाद अपना जेंडर बदलवाया है। दोबारा नौकरी जॉइन करने से पहले उन्होंने अपना नाम और जेंडर सरकारी रिकॉर्ड में भी बदलवा लिया है। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार दिसंबर 2013 से मार्च 2018 तक उनकी तैनाती चेन्नई के तमिलनाडु में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर थी। उसके बाद अप्रैल 2018 से दिसंबर 2023 तक तमिलनाडु में ही वह डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात रहे। जनवरी 2023 में उनकी तैनाती हैदराबाद में ज्वाइंट कमिश्ननर के पद की गई। तब से वह इस पद पर हैं।

अनुकाथिर सूर्या एम ने चेन्नई के मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में बैचलर डिग्री हासिल की है। उन्होंने 2023 में भोपाल के नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी से साइबर लॉ और साइबर फोरेंसिक में पीजी डिप्लोमा की पढ़ाई की है। उनके फेसबुक प्रोफाइल के अनुसार उन्होंने एमआईटी, अन्ना यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई की है।

गौरतलब है कि जेंडर चेंज कराने से पहले कई मंजूरी भी हासिल करनी होती है। एक बार कोई लिंग परिवर्तन का फैसला करता है तो उसे इसका हलफनामा तैयार करना पड़ता है। इस हलफनामे के जरिए लिंग परिवर्तन की जानकारी देनी होती है। नोटरी वाले इस हलफनामे में नाम, पिता का नाम, आयु और लिंग संबंधी जानकारी देनी होती है। यदि कोई सरकारी विभाग में कार्यरत है तो उसे अपने संबंधित अधिकारी और विभाग को भी इस बारे में जानकारी देनी होती है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed