Edinbox Hindi

सीबीएसई के नाम पर हो रहा ‘खेल’, बोर्ड ने एडवाइजरी जारी कर स्कूलों को दी सलाह

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई (CBSE) ने अपने से संबद्ध स्कूलों को एक फर्जी खेल संस्था से सावधान किया है। सीबीएसई ने बाकायदा एक नोटिस जारी कर स्कूलों को चेताया है कि एक संस्थान गलत तरीके से उसके नाम का इस्तेमाल कर खेल का आयोजन कर रहा है। नोटिस में कहा गया है कि आगरा स्थित एक संगठन ‘सीबीएसई बोर्ड स्कूल गेम्स वेलफेयर सोसाइटी’ (सीबीएसई-डब्ल्यूएसओ) खेल आयोजनों के मंचन और SGFI और अन्य खेल निकायों की तरफ से आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए सीबीएसई के नाम का गलत इस्तेमाल कर रही है। 

सीबीएसई ने कहा है कि संज्ञान में आया है कि उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित ‘सीबीएसई बोर्ड स्कूल गेम्स वेलफेयर सोसाइटी’ (सीबीएसई-डब्ल्यूएसओ) नामक एक संगठन सीबीएसई के नाम का उपयोग खेल आयोजनों को आयोजित करने और एसजीएफआई और अन्य खेल निकायों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए कर रहा है। कई सीबीएसई स्कूलों ने अनजाने में इस संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया है।

बोर्ड ने कहा कि इस संस्था से सीबीएसई का कोई संबंध नहीं है। साथ ही उसने स्कूलों को सलाह दी है कि वे किसी भी तरह से उक्त संगठन से न जुड़ें या इसके द्वारा आयोजित किसी भी खेल आयोजन में भाग न लें, क्योंकि यह सीबीएसई से संबद्ध नहीं है। उक्त संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेते पाए जाने वाले किसी भी स्कूल पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने अपने संबंध स्कूलों से कहा है कि ऐसे किसी भी संगठन द्वारा संपर्क किए जाने पर इसकी सूचना बोर्ड को दें। 

नोटिस में लिखा गया है, “सीबीएसई 08.07.2024 से स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) से संबद्ध हो गया है (एसजीएफआई के पत्र संख्या 994/एसजीएफआई/2024-25 दिनांक 08.07.2024 के अनुसार)। तदनुसार, 2024-25 से सीबीएसई राष्ट्रीय खेलों के विजेता हर साल एसजीएफआई द्वारा आयोजित एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूल खेलों में भाग लेंगे।”

सीबीएसई अपने संबद्ध स्कूलों के छात्रों के लिए हर साल क्लस्टर/जोनल और राष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन करता है। बोर्ड ने खेल-कूद को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दरअसल, सीबीएसई को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध किया गया है। इसके बाद, अब सीबीएसई राष्ट्रीय खेलों के विजेता हर साल एसजीएफआई द्वारा आयोजित एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूल खेलों में भाग लेंगे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed