
पहले मेडक के रामायमपेट में तेलंगाना मॉडल स्कूल में नाश्ते में छिपकली पाए जाने की खबर आयी थी। इसके बाद सुल्तानपुर में जवाहरलाल नेहरू प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में चटनी में चूहा मिला और अब खबर आ रही है कि मेडक में लड़कियों के एक आवासीय विद्यालय के छात्रावास में चूहों ने नौ छात्राओं को काट लिया।
बताया गया है कि 9 और 10 जुलाई को जब छात्राएं सो रही थीं, तभी चूहों ने उन्हें काट लिया। रिपोर्ट के अनुसार, छात्राओं को रामायमपेट मंडल के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया और छुट्टी दे दी गई। मामला तब प्रकाश में आया जब घटना की जानकारी मिलने पर कुछ अभिभावक संस्थान पहुंचे और छात्रावास में कथित सफाई की कमी को लेकर शिकायत की।
बता दें कि मेडक के रामायमपेट में तेलंगाना मॉडल स्कूल के छात्रों को परोसे गए नाश्ते में छिपकली मिलने की मीडिया रिपोर्ट को केंद्र सरकार ने भी गंभीरता से लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “तेलंगाना मॉडल स्कूल में उपमा में छिपकली मिलने की हालिया मीडिया रिपोर्ट के संबंध में, भारत सरकार के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लिया है।”
बयान में इस बात पर जोर दिया गया है कि पीएम पोषण योजना स्कूलों में गर्म पका हुआ मध्याह्न भोजन प्रदान करती है और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) को सुरक्षा मानदंडों को सुनिश्चित करने और छात्रों के लिए ठीक से पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने के लिए उचित कदम उठाने की सलाह दी गई है।




Add comment