
CUET-UG Result 2024: केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा यूजी (CUET-UG) के परिणाम जारी होने में देरी के कारण दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए पहले सेमेस्टर की शुरुआत दो सप्ताह के लिए स्थगित की जा सकती है। पहले यह 1 अगस्त को शुरू होने वाला था। उक्त बातें डीयू के कुलपति योगेश सिंह ने कही हैं।
कुलपति योगेश सिंह का कहना है कि, “जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी यूजी के माध्यम से होता है, उनके पहले सेमेस्टर का शैक्षणिक सत्र 16 अगस्त तक बढ़ सकता है।” हालांकि उन्होंने कहा कि अन्य सेमेस्टर का शैक्षणिक कैलेंडर प्रभावित नहीं होगा और वे निर्धारित समय पर 1 अगस्त से शुरू होंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या विश्वविद्यालय को सीयूईटी यूजी के परिणाम को लेकर इसे आयोजित करने वाली संस्था राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) से कोई संचार प्राप्त हुआ है, सिंह ने कहा: “हमें परिणाम के बारे में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी से कोई संचार नहीं मिला है।”
गौरतलब है कि CUET-UG के नतीजे राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) जैसे 46 प्रमुख विश्वविद्यालयों और अन्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों में एडमिशन के लिए महत्वपूर्ण है। स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा मई में एकल-खिड़की परीक्षा हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई थी। परिणाम, जो शुरू में 30 जून को जारी होने के लिए निर्धारित थे, एनटीए द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) से संबंधित कथित विसंगतियों के कारण विलंबित हो गए।
डीयू के स्नातक कार्यक्रम में प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल 28 मई को खोला गया, जिससे छात्रों को पहले चरण में पंजीकरण करने की अनुमति मिली। हालाँकि, प्रवेश का दूसरा चरण सीयूईटी यूजी परिणाम घोषित होने के बाद ही शुरू होगा।
डीयू में ये मांग उठ रही थी कि सीयूईटी यूजी के नतीजे लेट होने से पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और लेट एडमिशन से लेकर लेट क्लासेस तक एक सिरे से सब देर से शुरू हो पाएगा। ऐसे में डीयू को फिर से अपना पुराना तरीका अपनाते हुए ही एडमिशन लेने शुरू कर देने चाहिए। बता दें कि डीयू पहले मेरिट के बेस पर एडमिशन देता था या अपना खुद का एंट्रेंस एग्जाम आयोजित करता था और उसके आधार पर कैंडिडेट्स को यूजी कोर्सेस में प्रवेश मिलता था।




Add comment