Edinbox Hindi

ग्वालियर के प्रतिष्ठित सिंधिया स्कूल में नाबालिग छात्र से कुकर्म, आरोपी भी नाबालिग 

देशभर में अपनी विशेष पहचान रखने वाले मध्य प्रदेश के ग्वालियर फोर्ट स्थित द सिंधिया बॉयस स्कूल में एक नाबालिग छात्र के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। स्कूल में कक्षा 9वीं के छात्र ने कक्षा 7वीं में पढ़ने वाले एक जूनियर छात्र के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। स्कूल के प्राचार्य की शिकायत पर थाना बहोड़ापुर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

ग्वालियर स्थित सिंधिया राज परिवार के इस प्रतिष्ठित स्कूल में दुष्कर्म की यह वारदात 13 जुलाई को हुई बताई जा रही है। इस मामले में तत्काल स्कूल मैनेजमेंट ने दोनों छात्रों के पेरेंट्स को बुलाया, जिसके बाद रविवार को स्कूल के प्राचार्य अजय सिंह ने थाना बहोड़ापुर में लिखित शिकायत की। चूंकि मामला काफी हाई प्रोफाइल है, इसलिए तुरंत ही घटना को आला अफसरों के संज्ञान में लाया गया और FIR दर्ज करने में कोई देरी नहीं की गई। बहरहाल पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है, वहीं स्कूल मैनेजमेंट ने दोनों ही बच्चों को अलग-अलग कमरे में अपनी कड़ी निगरानी में रखा है। 

घटना को लेकर बताया गया है कि दोनों छात्र 13 जुलाई को स्कूल के स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के लिए गए हुए थे। वहां डॉक्टर ने दोनों को अलग-अलग बेड पर आराम करने के लिए कहा था। इसी दौरान जूनियर छात्र बाथरूम गया, वहीं सीनियर भी उसके पीछे चला गया। वहां उस छात्र के साथ गलत हरकत करना शुरू किया। छात्र के  चिल्लाने पर उसने मुंह बंद कर दिया। छात्र ने आरोपी छात्र के जाने पर स्टाफ नर्स को इसकी जानकारी दी। 13 जुलाई की ही शाम 4 बजे जब पीड़ित छात्र टॉयलेट गया, तो स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी आरएमओ ने जांच की जिसमें शिकायत को सही पाया गया और स्कूल प्रबंधन ने बैठक बुलाई। 

बता दें कि द सिंधिया स्कूल आज से सात साल पहले भी सुर्खियों में आया था। उस वक्त मामला रैगिंग से जुड़ा हुआ था, लेकिन इस बार जो मामला सामने आया है उसने स्कूल के सिस्टम मैनेजमेंट पर सवालिया निशान लगा दिया है। एएसपी ग्वालियर निरंजन शर्मा का कहना है कि शहर के एक बड़े स्कूल में जूनियर छात्र के साथ सीनियर ने गलत हरकत की है। पीड़ित और आरोपी दोनों नाबालिग हैं। पुलिस ने बहोड़ापुर थाना में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस पड़ताल कर रही है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed