Edinbox Hindi

एनटीए 1000 छात्रों के लिए 19 जुलाई को फिर से कराएगा सीयूईटी-यूजी की परीक्षा

CUET-UG 2024:  नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सीयूईटी यूजी के एक हजार से अधिक उम्मीदवारों के लिए 19 जुलाई को फिर से परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है। हालांकि परिणाम जारी होने को लेकर एनटीए ने कोई जानकारी साझा नहीं की है। एनटीए ने 7 जुलाई को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी)-यूजी 2024 की अनंतिम आंसर-की जारी की थी और एलान किया था कि यदि परीक्षा को लेकर छात्रों की ओर से उठाई गई शिकायत सही पाई जाती है तो वह 15 से 19 जुलाई के बीच फिर से परीक्षा कराएगी।

एनटीए ने अब जाकर दोबारा परीक्षा कराने का कार्यक्रम अधिसूचित किया है। लेकिन उन नतीजों के एलान पर चुप्पी साध ली जिसमें पहले ही दो हफ्ते से ज्यादा की देरी हो चुकी है और अंतिम आंसर-की अभी तक अधिसूचित नहीं हुई है। नीट और नेट सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर बढ़ रहे विवाद के बीच सीयूईटी-यूजी के परिणामों देरी हुई है। 

आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सीयूईटी (यूजी) 2024 परीक्षा के संबंध में 30 जून 2024 तक अभ्यर्थियों से मिली शिकायतों के साथ-साथ 7-9 जुलाई (शाम 05:00 बजे से पहले) के बीच rescuetug@nta.ac.in पर भेजी गई शिकायतों की समीक्षा की गई है। इन शिकायतों के आधार पर प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 19 जुलाई को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में पुनः परीक्षा कराई जाएगी।

एनटीए सूत्रों के अनुसार, अभ्यर्थियों द्वारा न चुनी गई भाषा में प्रश्नपत्रों का वितरण फिर से परीक्षा कराने की एक वजह है और करीब 1000 उम्मीदवार छह राज्यों में फैले हुए हैं। कुछ शिकायतों में गलत प्रश्नपत्र वितरित होने के कारण समय की हानि शामिल है।

एनटीए जिन 1,000 सीयूईटी-यूजी अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा करा रहा है, उनमें से 250 अभ्यर्थी हजारीबाग के ओएसिस पब्लिक स्कूल के हैं और ये एनईईटी-यूजी प्रश्नपत्र के कथित लीक के लिए भी जांच के दायरे में है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed