Edinbox Hindi

विरोध के बाद झुकी गुजरात सरकार, मेडिकल कॉलेजों में फीस वृद्धि का फैसला लिया वापस

गुजरात सरकार ने राज्य संचालित गुजरात मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च सोसाइटी यानी जीएमईआरएस (GMERS) के तहत 13 कॉलेजों में एमबीबीएस पाठ्यक्रमों 
 (MBBS Courses) की फीस में कटौती की घोषणा की है। हाल ही में यह बढ़ोतरी की गई थी,  लेकिन छात्रों और राजनीतिक दलों के विरोध के बाद अब राज्य सरकार ने फीस कम करने का फैसला किया है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में गांधीनगर में आयोजित कैबिनेट बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। पटेल ने कहा कि राज्य सरकार ने छात्रों के हित में 13 जीएमईआरएस कॉलेजों में 2,100 एमबीबीएस सीटों के लिए फीस कम करने का फैसला किया है। सरकारी कोटे के लिए मौजूदा 5.5 लाख रुपये की फीस को घटाकर 3.75 लाख रुपये कर दिया गया है और प्रबंधन कोटे में इसे 17 लाख रुपये से घटाकर 12 लाख रुपये कर दिया गया है, जो क्रमशः 80 प्रतिशत और 62.5 प्रतिशत की कमी है। यह नया शुल्क ढांचा 2024-25 के मेडिकल शैक्षणिक वर्ष से लागू होगा। 

गौरतलब है कि पिछले महीने, राज्य सरकार ने 2024-25 के लिए जीएमईआरएस कॉलेजों में फीस बढ़ाने की अधिसूचना जारी की थी। अधिसूचना में कहा गया था कि सरकारी कोटे की सीटों में 3.3 लाख रुपये की वार्षिक फीस को बढ़ाकर 5.5 लाख रुपये कर दिया गया, जबकि प्रबंधन कोटे के लिए इसे 9 लाख रुपये से बढ़ाकर 17 लाख रुपये कर दिया गया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था और गुजरात कांग्रेस ने सरकार द्वारा अपना फैसला वापस लेने में विफल रहने पर आंदोलन शुरू करने की धमकी दी थी।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed