
JMI CDOE 2024 Registration: जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (CDOE) में विभिन्न दूरस्थ एवं ऑनलाइन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। ये कोर्स दो माध्यमों में पेश किये जाते हैं , जिसमें दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा दोनों शामिल हैं। स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) कोर्सों में प्रवेश योग्यता परीक्षा में मेरिट के आधार पर होगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार जामिया की आधिकारिक वेबसाइट jmicoe.in के माध्यम से आवेदन पत्र भर और जमा कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। अभ्यर्थियों को 17 सितंबर से अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और फीस का भुगतान करना होगा। प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर है।
विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तावित पीजी कार्यक्रमों की सूची में शिक्षा, अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, इतिहास, मानव संसाधन प्रबंधन, इस्लामी अध्ययन, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, समाजशास्त्र, उर्दू में एमए और एमकॉम शामिल हैं। बीए (सामान्य), बीबीए, बीकॉम और बैचलर ऑफ कॉमर्स इंटरनेशनल बिजनेस एंड फाइनेंस (बीसीआईबीएफ) भी दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे।
मार्गदर्शन और परामर्श में स्नातकोत्तर डिप्लोमा, भू-सूचना विज्ञान में स्नातकोत्तर डिप्लोमा, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा में डिप्लोमा, कंप्यूटर हार्डवेयर और नेटवर्क प्रौद्योगिकी में प्रमाण पत्र, सूचना प्रौद्योगिकी में प्रमाण पत्र के लिए भी प्रवेश खुला है। संस्थान ने यह भी बताया है कि एमबीए प्रोग्राम में प्रवेश 15 सितंबर, 2024 को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। मेरिट के आधार पर विश्वविद्यालय द्वारा सीट आवंटन की घोषणा की जाएगी।
नोटिस में कहा गया है, “आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे ऑनलाइन प्रवेश आवेदन पत्र जमा करने से पहले दी गई जानकारी को ध्यान से पढ़ें और अपनी पात्रता सुनिश्चित करें। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैचलर ऑफ एजुकेशन (बीएड) कार्यक्रमों में प्रवेश यूजीसी-डीईबी दिशानिर्देशों के आधार पर बाद में अधिसूचित किया जाएगा।”




Add comment